नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद प्रदेश के मैदानी हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह और रात के समय कई इलाकों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 दिसंबर को भी प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन कई जिलों में घना से अत्यंत घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है। कुछ स्थानों पर विजिबिलिटी जीरो तक रहने की आशंका है।
32 जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 32 जिलों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिले: सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर। यलो अलर्ट वाले जिले: मुजफ्फरनगर, शामली, संभल, अमरोहा, बदायूं, हरदोई, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ और बलिया।
फिलहाल राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि 25 और 26 दिसंबर को भी कोहरे का कहर जारी रहेगा। हालांकि दिन में धूप निकलने से कुछ समय के लिए हल्की राहत मिल सकती है। अगले दो दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। ठंड का असर ग्रामीण इलाकों में ज्यादा देखने को मिल रहा है। लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। कई जिलों में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों में छुट्टियां घोषित की गई हैं, जबकि कुछ जगहों पर स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। फिलहाल मौसम विभाग ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, लेकिन बारिश के कोई आसार नहीं हैं।





