अराजकता की जद में था यूपी, हमने दंगा मुक्त किया : मुख्यमंत्री योगी
मुरादाबाद, 8 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा)-राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पांच साल पहले सपा सरकार में दंगे, बेटियों के साथ छेड़छाड़ होती थी। अब प्रदेश वही है, लेकिन पांच साल में स्थिति बदल गई है। मुरादाबाद में रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश की पिछली सरकार में 700 दंगे हुए और 2017 से 2022 तक एक भी दंगा नहीं हुआ। अब बेटियां स्कूल जाती हैं, शोहदे बाहर निकलने में डरने लगे हैं। पहले त्यौहार से पहले कर्फ्यू लग जाता था, अब तो कोरोना में भी कर्फ्यू नहीं लग रहा, क्योंकि आप कांवड़ यात्रा में विश्वास रखते हैं। अब कांवड़ियों का हर हर महादेव, बोल बम बम होता है। उन पर फूल बरसाए जाते हैं। योगी ने कहा, किसी की हिम्मत नहीं कि लड़कियों को छेड़ सके, त्योहार से पहले कर्फ्यू भी भूल जाइए। यह दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर सर्वेश सिंह यहां से सांसद होते तो एसटी हसन और शफीकुर्रहमान बर्क तालिबान का समर्थन करने की हिम्मत नहीं करते। सपा-रालोद गठबंधन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि रालोद वाले अजीत सिंह ने कहा था कि जिस गाड़ी पर सपा का झंडा, समझो उसमें बैठा कोई गुंडा, ये लोग तो लूटने वाले हैं। आज वही सपा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ रही है। इन पर आप कैसे विश्वास कर सकते हैं। करीब बीस मिनट के अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की तमाम उपलब्धियों का भी जिक्र किया और कहा कि प्रधानमंत्री ने संकट में देश के लिए कार्य किया, फ्री वैक्सीन दी। जबकि सपा वाले तमंचे की फैक्ट्री लगाते थे, हम तोप की फैक्ट्री लगा रहे हैं। उन्होंने मुरादाबाद का जिक्र करते हुए कहा कि यह ऐसा जिला है, किसके उत्पाद देश के हर घर में है। अपनी बेटी की शादी में यहां बनाए गए पीतल के बर्तन देश में हर वर्ग के लोग देते हैं। सपा बसपा सरकार ने ऐसा कर दिया था कि लोग बेटियों की शादी में पीतल के बर्तन नहीं दे पा रहे थे। हमने मुरादाबाद को पीतल की चमक लौटा दी। --आईएएनएस विकेटी/एसजीके