नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बागपत दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। बीजेपी जिला कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सपा पूरी तरह जाति और तुष्टिकरण की राजनीति करती है। डिप्टी सीएम ने कहा कि अगर मुस्लिम समाज सपा का साथ छोड़ दे, तो यह पार्टी “दो टके की भी नहीं रह जाएगी।
”काम के नाम पर वोट मांगे तो सपा को समर्थन नहीं मिलेगा”
ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी अगर विकास और काम के नाम पर जनता से वोट मांगे, तो उसे कहीं से समर्थन नहीं मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा हमेशा डर और भ्रम फैलाकर वोट हासिल करने की कोशिश करती रही है और उसके पास दिखाने के लिए कोई ठोस विकास कार्य नहीं है।
सपा शासन में गुंडागर्दी और माफियागिरी का बोलबाला
डिप्टी सीएम ने सपा सरकार के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में गुंडागर्दी, माफियागिरी और अराजकता चरम पर थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बागपत और बड़ौत जैसे इलाकों में अगर कोई खाली प्लॉट होता था, तो सपाई नेता कहते थे यह प्लॉट हमारा है। उन्होंने कहा कि सपा के समय आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर थी।
”एक गाड़ी में 10-10 बंदूकें चलती थीं”
ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में बदमाश खुलेआम घूमते थे और एक-एक गाड़ी में कई-कई हथियार लेकर चलना आम बात थी। उन्होंने कहा कि आज बीजेपी सरकार में कानून का राज है। अब कोई खुलेआम हथियार लेकर नहीं चलता और अगर कोई अवैध रूप से बंदूक लेकर पकड़ा जाता है, तो उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाता है। डिप्टी सीएम ने सपा पर प्रदेश में हजार से ज्यादा दंगे कराने का आरोप लगाया और मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सपा शासन में हालात इतने खराब थे कि शाम पांच बजे के बाद बेटियां घर से निकलने में डरती थीं। ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज बीजेपी सरकार में महिलाएं रात 12 बजे भी खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों में पुलिस का डर बना हुआ है। अपने दौरे के दौरान डिप्टी सीएम ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।





