नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए आज नतीजे सामने आ रहे हैं। इसके साथ उत्तर प्रदेश में 9 सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आ रहे हैं जिसमें BJP को बढ़त मिलती हुई दिखाई दे रही है। इस नतीजों से गदगद सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- समाजवादी पार्टी अब समाप्तवादी पार्टी बन गई है।
समाजवादी पार्टी अब समाप्तवादी पार्टी बन गई है- केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश में 9 सीटों पर हुए उपचुनावों को लेकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बात करते हुए समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अब समाप्तवादी पार्टी बन गई है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि “सीमा पर भारत देता है, गोली का जवाब गोला से। देश के भीतर विपक्ष की गाली का जवाब जनता देती है लोकतंत्र की ताकत से कमल खिलाकर। बहुमत का जवाब भाजपा देती है सुशासन, जनसेवा, विकास, गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण से, क्योंकि मोदी हैं तो मुमकिन है। इसके साथ ही उन्होंने नारा दिया जय भारत, जय भाजपा।”
9 में से 9 सीट जीतने का भरोसा
केशव प्रसाद मौर्य ने पहले भी इस बात पर विश्वास जताया था कि भारतीय जनता पार्टी अगर 9 में से 9 सीट जीत जाती है तो उन्हें हैरानी नहीं होगी। समाजवादी पार्टी पर हमलावर केशव प्रसाद मौर्य ने ये भी कहा कि यूपी में समाजवादी पार्टी की साइकिल रुक जाएगी। उन्होंने कहा कि यूपी में 25 करोड़ जनता एकजुट है। समाजवादी समाप्तवादी पार्टी है।





