नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में 14 अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। सीएम ने सपा के ‘PDA’ फॉर्मूले की नई परिभाषा देते हुए कहा कि यह असल में ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ है, जिसका लक्ष्य सिर्फ परिवार का विकास करना है। उन्होंने सपा नेताओं की सोच को ‘कूपमंडूक’ (कुएं का मेंढक) बताया और कहा कि ये लोग परिवार से बाहर नहीं देख पाते, जबकि दुनिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
शेर के अंदाज में तंज
सीएम योगी ने विपक्ष पर शेर के माध्यम से व्यंग्य किया बड़ा हसीन है उनकी जबान का जादू, लगा के आग बहारों की बात करते हैं। जिन्होंने रात में बेखौफ बस्तियां लूटीं, वही नसीब के मारों की बात करते हैं। CM योगी ने कहा कि 2017 तक यूपी में अराजकता, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद का बोलबाला था। नौकरियों में रिश्वतखोरी होती थी। किसानों की अनदेखी होती थी। उद्योग बंद हो रहे थे और पलायन तेज था। गरीबों के बच्चे अभाव में दम तोड़ते थे। उन्होंने बताया कि आजादी के समय यूपी की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत के बराबर थी, लेकिन 2017 में यह राष्ट्रीय औसत का सिर्फ एक-तिहाई रह गई थी। अब यूपी की रफ्तार तेज सीएम ने दावा किया कि उनकी सरकार में हालात बदले हैं 2016-17 में यूपी की जीएसडीपी 13 लाख करोड़ थी, जो इस वित्तीय वर्ष के अंत तक 35 लाख करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। राज्य अब बीमारू नहीं, बल्कि ‘रेवेन्यू सरप्लस स्टेट’ बन रहा है। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति लागू है। योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सभी को दिया जा रहा है।
भारत की अर्थव्यवस्था पर भी बोले
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से 2014 के बाद जो विकास यात्रा शुरू हुई, उसके नतीजे में 2025 में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने छठीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था को 11वें स्थान तक पहुंचा दिया था, जबकि अब देश ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। सीएम योगी का यह भाषण न सिर्फ विपक्ष पर तंज था, बल्कि अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान भी। उन्होंने साफ कहा कि यूपी अब परिवारवाद की राजनीति से निकलकर विकास की राजनीति की ओर बढ़ रहा है।





