नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। रेवाड़ी में एक जनसभा के दौरान केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने अपनी ही पार्टी की हरियाणा सरकार पर खुले मंच से नाराजगी जाहिर की। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद थे, लेकिन दोनों नेताओं के सुर अलग नजर आए, राव इंद्रजीत सिंह ने अहीरवाल क्षेत्र की लगातार हो रही अनदेखी का मुद्दा उठाते हुए सरकार को सीधे शब्दों में चेताया। उन्होंने कहा, “हमने यह सरकार बनाई है, हमारी मांगों को पूरा करना हमारा अधिकार है।” यह बयान उस वक्त आया जब मुख्यमंत्री सैनी 288 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास कर रहे थे।
पानी की समस्या और अंडरपास जलभराव जैसे मुद्दे उठाए
राव इंद्रजीत ने कहा कि अहीरवाल क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत है। रेवाड़ी के AIIMS तक जाने वाला अंडरपास बारिश में जलमग्न हो जाता है इससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ती है। उन्होंने चेताया कि अगर हालात नहीं सुधरे तो लोगों को पलायन करना पड़ सकता है। औद्योगिक गंदगी और पर्यावरण पर भी जताई चिंता। राव इंद्रजीत सिंह ने राजस्थान के तिजारा बांध की क्षति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां से औद्योगिक गंदा पानी बरसात में रेवाड़ी की ओर बह आता है। उन्होंने सरकार से ठोस पर्यावरणीय कार्रवाई की मांग की।
“विकास में कोई दखल बर्दाश्त नहीं करेंगे”
उन्होंने सख्त लहजे में कहा: “हम अपने विकास में किसी भी तरह की दखलअंदाजी बर्दाश्त नहीं करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर सही योजना और भूमि प्रबंधन हुआ, तो गुड़गांव के बाद अगला दशक रेवाड़ी का हो सकता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राव के आरोपों का जवाब देते हुए कहा: “हम किसी एक जाति या क्षेत्र की सरकार नहीं, बल्कि 2.7 करोड़ हरियाणावासियों की सरकार हैं। सरकार सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
सैनी ने गिनाई उपलब्धियां, किए कई ऐलान
मुख्यमंत्री ने अपनी योजनाओं का ज़िक्र करते हुए कहा: आयुष्मान भारत कार्ड, मुफ्त डायलिसिस सेवा, और साल के अंत तक घोषणापत्र की 217 में से 90 घोषणाएं पूरी होंगी। साथ ही उन्होंने रेवाड़ी में देश की सबसे बड़ी सहकारी तेल मिल और एक सैन्य संग्रहालय बनाने की योजना को दोहराया। रेवाड़ी की यह सभा एक बड़ी राजनीतिक तस्वीर को सामने लाती है — जहां सत्तारूढ़ पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं के बीच मतभेद मंच पर ही उजागर हो गए। यह स्थिति आने वाले समय में हरियाणा की राजनीति में हलचल बढ़ा सकती है।





