नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में रेलवे स्टेशन में एक निर्माणाधीन छत के गिरने की खबर है। मिली जानकारी के मुताबिक, मलबे में कई मजदूरों के दबे होने के आशंका है। घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य शुरू हो चुका है।
सौंदर्यीकरण का चल रहा था काम
कन्नौज रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण का काम चल रहा था जिस दौरान यह दुर्घटना पेश आई। इस काम में 40 से ज्यादा मजदूर लगे हुए थे जिन्हें क्षति पहुंची है। हालांकि इसमें से 11 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यूपी सरकार में मंत्री असीम अरुण घटनास्थल पर मौजूद
कन्नौज विधायक और यूपी सरकार में मंत्री असीम अरुण ने मीडिया से बातचीत में का, ‘मैं घटनास्थल पर हूं। रेलवे का नया निर्माण हो रहा है। कॉन्क्रीट डाली जा रही थी, वजन की वजह से वह गिर गया है। 14 लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, सभी की हालत खतरे से बाहर है। कुछ और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है, हम मलबा हटवाकर चेक कर रहे हैं।’ असीम अरुण ने कहा कि कोई न कोई गलती हुई है इसी वजह से ये हादसा हुआ है, उन्होंने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता बचाव और राहत की है।
हादसे की जांच के आदेश
हादसे की गंभीरता को देखते हुए शासन प्रशासन ने इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। वहां मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि जैसै ही लेंटर गिरा वैसे ही घटनास्थल पर अफरा तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे थे।





