नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर इलाके में रक्षाबंधन के दिन एक दर्दनाक ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई। आरोपी पति प्रदीप ने कथित तौर पर अपनी पत्नी जयश्री और 7 और 5 साल की दो बेटियों की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घरेलू विवाद के बाद वारदात
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि प्रदीप और उसकी पत्नी जयश्री के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। शनिवार को भी किसी बात पर झगड़ा हुआ, जिसके बाद प्रदीप ने गला दबाकर पत्नी और दोनों बेटियों की हत्या कर दी।
आर्थिक तंगी और कर्ज में दबा था आरोपी
पड़ोसियों के मुताबिक, प्रदीप भारी कर्ज और आर्थिक तंगी से भी परेशान था। आशंका है कि तनाव और विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया। घटना के बाद प्रदीप घर से फरार हो गया। पुलिस ने करावल नगर के भगत सिंह कॉलोनी और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश तेज कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के तरीके और सही समय की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पड़ोसियों का कहना है कि प्रदीप और उसकी पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे, लेकिन किसी ने सोचा नहीं था कि बात इतनी बढ़ जाएगी।
इससे पहले दक्षिणी दिल्ली के देवली गांव में हुआ था ट्रिपल मर्डर
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दक्षिणी दिल्ली के देवली गांव में 51 साल के राजेश कुमार अपनी 46 साल की पत्नी कोमल, 23 साल की बेटी कविता और 20 साल के बेटे अर्जुन के साथ रहते थे। पिछले साल दिसंबर में 20 साल के अर्जुन ने पुलिस को माता-पिता और बहन के मर्डर की सूचना दी। जब पुलिस ने मामले की जांच की तो हत्या का शक अर्जुन पर ही चला गया। दरअसल, अर्जुन ने पुलिस को बताया था कि सबसे पहले उसने ही अपने माता-पिता और बहन के शव देखे। इस दौरान पुलिस ने लूट के एंगल पर मामले की जांच शुरू की, लेकिन घर में कोई लूट या सेंधमारी से संबंधित सबूत नहीं मिला।





