नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली में बीजेपी की नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट 2025-26 को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसको लेकर आज उन्होंने अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में आगामी बजट और महिला सम्मान योजना पर चर्चा की जाएगी।
बजट की तैयारियों को लेकर बैठक
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज अधिकारियों के साथ बजट को लेकर चर्चा करेंगी। इस बैठक में दिल्ली विधानसभा में पेश किए जाने वाले बजट के विभिन्न पहलुओं पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही, सरकार की प्राथमिकताओं और नई योजनाओं को बजट में शामिल करने पर भी मंथन होगा।
महिलाओं को 2500 रुपये की सहायता राशि
सीएम रेखा गुप्ता ने महिला सम्मान योजना को लेकर भी बैठक बुलाई है। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री पंकज सिंह आज सुबह 10:30 बजे सांसद कमलजीत सहरावत के साथ राव तुला राम अस्पताल का दौरा करेंगे। इस दौरान अस्पताल में दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा।
समर एक्शन प्लान पर बैठक
दिल्ली में गर्मी के दौरान बिजली कटौती की समस्या न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए आज दोपहर 3:00 बजे बैठक होगी। इस बैठक की अध्यक्षता ऊर्जा मंत्री आशीष सूद करेंगे। इसमें बिजली की मांग और आपूर्ति को संतुलित करने पर चर्चा की जाएगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीडब्ल्यूडी और दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में दिल्ली की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और जल आपूर्ति में सुधार लाने पर विचार किया गया।
आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी
गुरुवार को हुई मंत्रिमंडल की पहली बैठक में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना को मंजूरी दे दी गई है। जल्द ही इस योजना का लाभ वरिष्ठ नागरिकों समेत आम जनता को मिलने लगेगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के विकास से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की।
यमुना सफाई का संकल्प
शपथ ग्रहण के बाद सीएम रेखा गुप्ता अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ यमुना घाट पहुंचीं। वहां उन्होंने मां यमुना की आरती में भाग लिया और यमुना नदी को साफ करने का संकल्प लिया। करीब 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में बीजेपी की वापसी हुई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ 6 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। यह शपथग्रहण समारोह ऐतिहासिक रामलीला मैदान में हुआ, जहां दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। दिल्ली की नई सरकार कई अहम योजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। अब देखना होगा कि ये योजनाएं जनता के लिए कितनी कारगर साबित होती हैं।
https://whatsapp.com/channel/0029VaffUM7I7Be7ERRVfL2L





