नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर में बीती शाम मची भगदड़ में 6 लोगों की मौत व कई लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि भगदड़ उस समय मची, वैकुंठ द्वार दर्शनम के लिए सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ टोकन लेने का इंतजार कर रही थी, जैसे ही गेट खुला तो धक्का-मुक्की के कारण भीड़ बेकाबू हो गई और देखते ही देखते लाशें बिछ गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के सीएम चंद्रबाबू नायडू समेत कई लोगों ने इस दुखद घटना पर शोक जताया है। सीएम नायडू आज सुबह तिरुपति का दौरा करने पहुंचेंगे। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के कार्यकारी अधिकारी श्यामला राव ने मामले की प्रांरभिक जांच की है।
एक महिला यात्री की हुई पहचान
तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के अध्यक्ष बीआर नायडू ने बताया कि इस हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है। जिसमें एक महिला तीर्थयात्री की पहचान कर ली गई है। अन्य मृतकों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि एन मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू घटना को लेकर गंभीर हैं। वे आज मृतकों के परिवारों से मुलाकात करने पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने जाहिर किया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुपति मंदिर में हुए हादसे को लेकर अपने एक्स अकाउंट से पोस्ट करते हुए अपना दुख जाहिर किया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि तिरूपति में हुई भगदड़ से मैं आहत हूं। जिन लोगों ने अपनों को खोया है, मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। आंध्र प्रदेश सरकार प्रभावित लोगों की हर संभव मदद के लिए तैयार है।
राहुल गांधी ने घटना को बताया बेहद दुखद
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हादसे पर अपना दुख जताते हुए कहा कि तिरुपति मंदिर में भगदड़ की यह घटना बेहद दुखद है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से हर संभव सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है।
10 दिवसीय वैकुंठ द्वार दर्शनम के लिए पहुंचे हैं श्रद्धालु
तिरूपति मंदिर में10 जनवरी से शुरू 10 दिवसीय वैकुंठ द्वार दर्शनम के लिए सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे हैं। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम ने इसके लिए दर्शन टोकन की व्यवस्था की थी। बुधवार शाम से ही श्रद्धालु टोकन के लिए कतार में लग गए थे। पुलिस ने इस हादसे के बाद का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है।
आज सीएम नायडू पहुंचेंगे तिरुपति
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने DGP, TTD EO, जिला कलेक्टर तथा एसपी के साथ भगदड़ की समीक्षा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं की मौत बेहद दुखद है। नायडू ने अधिकारियों को पीड़ितों के लिए बेहतर इलाज देने की व्यवस्था के आदेश दिए हैं।





