नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की सेहत खराब होने को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता बयान जारी कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने तिहाड़ जेल प्रशासन पर आरोप लगाया है कि जेल में रहते हुए दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का 8 किलो वजन कम हुआ है। उनका शुगर लेवल भी बहुत ज्यादा बढ़ गया है। आम आदमी पार्टी के इस तरह के बयानों के बाद तिहाड़ जेल प्रशासन ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की सेहत को लेकर खुलासे किये हैं। के
अरविंद केजरीवाल का केवल 2 किलो वजन ही कम हुआ है: तिहाड़ जेल प्रशासन
तिहाड़ जेल प्रशासन ने आम आदमी पार्टी के आरोपों को गलत बताया है। तिहाड़ जेल प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का वजन 8 किलो तक नहीं घटा है। तिहाड़ जेल प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि 2 जून 2024 को दोबारा जेल आने के बाद अरविंद केजरीवाल का केवल 2 किलो वजन ही कम हुआ है। तिहाड़ जेल प्रशासन ने दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल पर आरोप लगाए हैं कि वह जानबूझकर अपना वजन कम कर रहे हैं।
तिहाड़ जेल प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया
तिहाड़ जेल प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया है कि दिल्ली के सीएम जब पहली बार 1 अप्रैल 2024 को जेल आए थे, उस वक्त उनका वजन 65 किलो था। जब सीएम अरविंद केजरीवाल 9 मई 2024 को जेल से बाहर निकले थे, उस वक्त उनका वजन 65 किलो ही था। वहीं 2 जून 2024 को जब दिल्ली के सीएम वापस जेल आए थे तो उस वक्त उनका वजन 63.5 किलो था। तिहाड़ जेल प्रशासन ने 14 जुलाई 2024 को सीएम अरविंद केजरीवाल के वजन की रिपोर्ट दी है, जो कि 61.5 किलो है। तिहाड़ जेल प्रशासन का कहना है कि 2 जून 2024 से 14 जुलाई 2024 के बीच में दिल्ली के सीएम का 2 किलो वजन ही कम हुआ है।
अरविंद केजरीवाल अपना वजन जानबूझकर कम कर रहे हैं
जेल प्रशासन ने दिल्ली के सीएम पर आरोप लगाए हैं कि वह अपना वजन जानबूझकर कम कर रहे हैं। केजरीवाल अक्सर अपने घर से आए खाने को लौटा देते हैं। जेल प्रशासन ने सीएम अरविंद केजरीवाल पर यह भी आरोप लगाए हैं कि वह पहले जानबूझकर ऐसा खाना खाया करते थे, जिससे उनका शुगर बढ़ सके। जेल प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि AIIMS मेडिकल बोर्ड दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की सेहत की निगरानी रखे हुए है। अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल लगातार AIIMS मेडिकल बोर्ड के संपर्क में हैं। आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल की सेहत को लेकर झूठी खबर फैला रही है। गृह मंत्रालय, GNCTD को इस विषय में जानकारी दे दी गई है। अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





