नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। अयोध्या में आज शाम को होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर पूरी अयोध्या नगरी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राम नगरी में पुलिस फोर्स की भारी संख्या में तैनाती की गई है। यहां लखनऊ, झांसी, कानपुर, वाराणसी, बस्ती और गोरखपुर रेंज से करीब 1500 पुलिसकर्मी को बुलाया गया है। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर करीब 5000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अयोध्या में इस वक्त 15 एडिशनल एसपी, 31 डिप्टी एसपी और 65 इंस्पेक्ट की तैनाती की गई है।
दीपोत्सव में सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से नजर बनाए रखी जाएगी
इसके अलावा राम नगरी में बम खोज एवं निरोधक दस्ता(BDDS) और एंटी सबोटाज की टीमों को भी अयोध्या की सुरक्षा के लिए लगाया गया है, ये दोनों टीमें आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के साथ जगह-जगह चेकिंग का काम कर रही हैं। अयोध्या दीपोत्सव को लेकर लोकल इंटेलिजेंस और सिविल पुलिस के जवानों की पूरे क्षेत्र पर नजर बनाए रखने की जिम्मेदारी सौपी गयी है। इसके अलावा अयोध्या में दीपोत्सव कार्यकर्म में सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से नजर बनाए रखी जाएगी।
अयोध्या में आज भव्य लेजर शो का भी आयोजन होगा
अयोध्या दीपोत्सव के पिछले गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए 29 अक्टूबर 2024 को तैयारियां पूरी हो गई थी। अयोध्या की राम की पैड़ी घाट, चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल पर 28 लाख दीयों को संयोजित किया गया था। इनमे से 25 लाख दीयों को प्रज्वलित करके अयोध्या दीपोत्सव का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
सूर्यास्त होते ही अयोध्या के 55 घाटों में दीयों को प्रज्वलित करना शुरू हो जाएगा। आज सुबह 10 बजे से सरसों की एक लीटर वाली बोतल स्वयं सेवकों को दे दी गयी। जिसको वे दिए में डालेंगे। घाटों पर तेल न गिरे, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। तेल की बोतल खाली होने के बाद उसको एक गत्ते के डिब्बे में वापस सुरक्षित रख दिया जाएगा। अयोध्या में आज भव्य लेजर शो का भी आयोजन होगा। अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।





