नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। देश की राजधानी दिल्ली समेत अन्य राज्यों में अब भीषण गर्मी का सितम शुरू हो गया है। कई इलाकों में तेज धूप और लू का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है, यहां कई इलाकों में पारा 40 के पार पहुंच चुका है। यहां दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस की उछाल आया है। वहीं मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना भी जताई है।
IMD के अनुसार 8 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब, दिल्ली और अन्य उत्तर भारतीय राज्यों में लू का प्रकोप जारी है। लेकिन यहां 10 अप्रैल के बाद से कुछ राहत मिलने की संभावना है। IMD के अनुसार 8 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस सिस्टम के कारण 10 अप्रैल से मौसम बदलने की उम्मीद है। 10 और 11 अप्रैल को पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज़ हवाएं चल सकती हैं। जिसके कारण दिन के तापमान में गिरावट आएगी। जिससे लोगों को तेज तपन और लू से थोड़ी राहत मिल जाएगी।
दिल्ली, पंजाब और यूपी-बिहार में हाल-बेहाल
दिल्ली, पंजाब और यूपी-बिहार में लोगों का गर्मी से हाल- बेहाल है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 40.2 पर पहुंच गया है, जो सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक है। आज 8 और कल 9 अप्रैल को इसमें उछाल की संभावना है। हालांकि 10 अप्रैल से 13 अप्रैल के बीच इसमें थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पंजाब में भी हालात गंभीर हैं। राज्य का सबसे अधिक तापमान 39.7°C दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 3.1 से 6 डिग्री ज्यादा है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात के कई इलाकों में भी दिन के तापमान सामान्य से 5-8 डिग्री ज्यादा दर्ज किए जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ इलाकों में भी तापमान में असामान्य वृद्धि हुई है।
9 अप्रैल के बाद गर्मी से राहत की उम्मीद
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 और 10 अप्रैल को आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, 8 अप्रैल से बिहार के कुछ क्षेत्रों में आंधी-तूफान के साथ बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना है। हवाओं की गति 40-50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 9 अप्रैल को राज्य में गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी।





