नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बहुत ही कम लोग जानते होंगे कि भारत में ऐसे कई वकील हैं जो केस लड़ने के लिए लाखों रुपये फीस लेते हैं। हम लोग समझते हैं कि केवल क्रिकेट खिलाड़ी ही ज्यादा पैसा कमाते हैं। लेकिन ऐसा नहीं है। अपने अनुभव और कानून का सटीक ज्ञान होने के कारण भारत में ऐसे कई वकील हैं, जो केस लड़ने के लिए लाखों रुपये की फीस चार्ज कर रहे हैं। इस खबर के माध्यम से हम ऐसे कुछ वकीलों के बारें में जानकारी देंगे।
भारत सरकार के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता
भारत सरकार के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता का नाम भी उन वकीलों की सूची में शामिल है, जो केस लड़ने के लिए लाखों रुपये की फीस लेते हैं। तुषार मेहता को अक्टूबर 2018 में केंद्र सरकार का सॉलिसिटर जनरल बनाया गया था। वह कोलकाता रेप-मर्डर मामले में सीबीआई की तरफ से पैरवी कर रहे हैं। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार आरटीआई से खुलासा हुआ है कि केंद्र सरकार की तरफ से अटॉर्नी जनरल और सॉलिसिटर जनरल को एक करोड़ रुपए तक रिटेनर फीस के रूप में दिए गए थे। यही नहीं तुषार मेहता और एक अन्य वकील पुनीत बाली को हरियाणा सरकार की तरफ से केस लड़ने के लिए दिसंबर 2023 में 55 लाख 44 हजार रुपए फीस दी गई थी।
हरीश साल्वे जरुरतमंद लोगों का केस कम फीस में भी लड़ते हैं
केस लड़ने के लिए लाखों रुपये फीस के रूप में चार्ज करने वाले वकीलों की सूची में हरीश साल्वे का नाम भी सम्मान के साथ लिया जाता है। वह 1 नवंबर 1999 से 3 नवंबर 2002 तक भारत के सॉलिसिटर जनरल का पदभार संभाल चुके हैं। उन्होंने कई बड़े केस लड़े हैं। जिसमे कई हाई-प्रोफाइल केस शामिल हैं। ये ऐसे वकील हैं जिनकी फीस बेशक काफी महंगी हो, लेकिन वह जरुरतमंद लोगों का केस बहुत ही कम फीस में भी लड़ते हैं।
यह वही वकील हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में कुलभूषण जाधव का केस लड़ा था। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार हरीश साल्वे एक सुनवाई के लिए 12 लाख रुपए से लेकर 14 लाख रुपए तक की फीस चार्ज करते हैं।
भारत के महंगे वकीलों में कपिल सिब्बल का नाम भी शामिल है
भारत के महंगे वकीलों में कपिल सिब्बल का नाम भी शामिल है। कपिल सिब्बल हमेशा किसी न किसी केस को लेकर चर्चा का केंद्र बने रहते हैं। वर्तमान समय में भी वह चर्चा में बने हुए हैं। कपिल सिब्बल कोलकाता रेप-मर्डर मामले में पश्चिम बंगाल सरकार की तरफ से पैरवी कर रहे हैं।
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार कपिल सिब्बल एक सुनवाई के लिए 14 लाख रुपए से लेकर 16 लाख रुपए फीस के रूप में चार्ज करते हैं। जानकारी के अनुसार कपिल सिब्बल हाईकोर्ट में केस लड़ने के लिए एक सुनवाई के 9 लाख रुपए चार्ज करते हैं। अगर उनकी कुल संपति की बात करें तो मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार वो 618 करोड़ रुपये के करीब है।
भारत में महंगे वकीलों की एक लंबी सूची है
भारत में महंगे वकीलों की एक लंबी सूची है, जिसके कारण यह खबर काफी बड़ी हो जाएगी। इसलिए हमने कुछ बड़े और महंगे वकीलों के बारें में जानकारी देकर यह बताने की कोशिश की है कि अनुभवी और कानून की पकड़ रखने वाले वकील भी काफी अच्छा पैसा कमा लेते हैं।





