नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क । बिहार की राजधानी पटना में बड़ी वारदा हुई है। यहां पुलिस और अपराधियों के बीच जमकर मुठभेड़ हो गई, जिसमें पुलिस ने दो बदमाशों का एनकाउंटर कर दिया। वहीं इस मुठभेड़ में एक दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना की जानकारी मिलते ही एसपी पश्चिम सरथ आरएस मौके पर पहुंचे और मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण किया। सूत्रों के अनुसार पुलिस की टीम अपराधियों का पीछा करते हुए हिंदूनी में छापेमारी के लिए पहुंची थी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की
जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार देर रात की है, जब गौरीचक पुलिस की टीम फुलवारी शरीफ के हिंदूनी इलाके में अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस द्वारा पीछा करने के दौरान अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दो अपराधी ढेर हो गए। इस घटना के बाद चार अन्य बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब रहे जबकि दो अन्य अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें भी गोली लगी है जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से बड़ी संख्या में गोली के खोखे और कई पिस्तौल बरामद किए हैं। घटना में मारे गए एक अपराधी की पहचान नालंदा जिले के निवासी के रूप में हो गई है, जबकि मारे गए दूसरे अपराधी की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए
वहीं गौरीचक थाने के 2019 बैच के दरोगा विवेक अपराधियों का पीछा करने के दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गोली लगने के बाद तुरंत एम्स पटना में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।





