नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड CBSE ने उन छात्रों के लिए खास राहत दी है, जो होली के कारण 15 मार्च को बोर्ड परीक्षा नहीं दे पाएंगे। ऐसे छात्रों के लिए स्पेशल एग्जाम आयोजित किया जाएगा, ताकि वे अपनी परीक्षा पूरी कर सकें।
होली के कारण परीक्षा छूटने की टेंशन खत्म
इस साल 14 और 15 मार्च को देश के अलग-अलग हिस्सों में होली का त्योहार मनाया जाएगा। इसी दिन सीबीएसई 12वीं बोर्ड की हिंदी कोर और ऐच्छिक की परीक्षा भी होनी है। कई छात्र और अभिभावक इसको लेकर चिंता में थे कि वे परीक्षा कैसे देंगे। अब CBSE ने इस पर सफाई देते हुए कहा है कि परीक्षा तय समय पर ही होगी, लेकिन जो छात्र होली की वजह से उपस्थित नहीं हो पाएंगे, उन्हें बाद में एक और मौका मिलेगा।
कैसे मिलेगी परीक्षा देने की दूसरी सुविधा?
15 मार्च को जो छात्र परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे, वे सीबीएसई की स्पेशल परीक्षा में बैठ सकते हैं। परीक्षा के लिए छात्रों को अपने स्कूल के माध्यम से बोर्ड को जानकारी देनी होगी। यह परीक्षा उसी नीति के तहत होगी, जिसके तहत राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में शामिल छात्रों को विशेष परीक्षा देने का अवसर मिलता है। परीक्षा का शेड्यूल और अन्य जानकारी बाद में CBSE द्वारा जारी की जाएगी।
CBSE ने सभी स्कूलों को जारी किए निर्देश
CBSE ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे इस जानकारी को छात्रों और अभिभावकों तक पहुंचाएं। बोर्ड ने कहा है कि छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि कोई भी छात्र अपनी परीक्षा से वंचित न रह जाए।
क्या करें छात्र?
अगर होली के कारण आप 15 मार्च को परीक्षा नहीं दे सकते, तो इसकी जानकारी अपने स्कूल को पहले ही दें। स्कूल इस बारे में CBSE को सूचित करेगा, ताकि आपके लिए विशेष परीक्षा की व्यवस्था की जा सके। CBSE जल्द ही स्पेशल परीक्षा की तारीख और प्रक्रिया की जानकारी जारी करेगा। CBSE का यह फैसला छात्रों और अभिभावकों के लिए बहुत राहत देने वाला है। अब कोई भी छात्र होली के कारण परीक्षा छूटने की चिंता किए बिना अपनी तैयारी जारी रख सकता है। जो छात्र 15 मार्च को परीक्षा नहीं दे पाएंगे, वे बाद में इसे पूरा कर सकेंगे। यह कदम छात्रों की सहूलियत और परीक्षा में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।





