नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। लाल किले के पास हुए हालिया कार धमाके के मास्टरमाइंड माने जा रहे आतंकी डॉ. उमर मोहम्मद के पुलवामा स्थित घर को सुरक्षा एजेंसियों ने IED धमाके से उड़ा दिया। आतंकवाद के खिलाफ जारी सख्त मुहिम के तहत यह कार्रवाई की गई।
इलाके को घेरकर ऑपरेशन को सुरक्षित तरीके से अंजाम
सुरक्षा बलों ने घर के आसपास पूरे इलाके को पहले घेर लिया और फिर नियंत्रित तरीके से IED ब्लास्ट कर इमारत को ध्वस्त किया। एजेंसियों के अनुसार, यह कदम ऐसे आतंकी नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में एक बड़ा संदेश है।
दिल्ली ब्लास्ट की जांच में लगातार नए खुलासे
जांच एजेंसियों को धमाके से जुड़े कई अहम सबूत मिले हैं। गुरुवार को एक और संदिग्ध कार फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी की पार्किंग में खड़ी मिली। यह कार डॉ. शाहीन शाहिद के नाम पर रजिस्टर्ड है, जिसे पहले ही व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल केस में गिरफ्तार किया जा चुका है।
कड़ी कार्रवाई जारी, नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी
एजेंसियां अब आतंकी उमर मोहम्मद से जुड़े नेटवर्क की तलाश में तेजी से काम कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, कई और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है और जल्द और भी कार्रवाई की संभावना है।जांच में सामने आया है कि ब्लास्ट के मुख्य आरोपी, डॉ. उमर मोहम्मद, डॉ. मुजम्मिल अहमद और डॉ. शाहीन शाहिद, ने अपनी पूरी प्लानिंग एक एन्क्रिप्टेड स्विस मैसेजिंग ऐप के जरिए बनाई और उसी से अपने आतंकी मिशन को कोऑर्डिनेट किया. ब्लास्ट साइट से मिले DNA सैंपलों से पुष्टि हुई है कि लाल किले के पास विस्फोट हुई सफेद Hyundai i20 कार को डॉ. उमर ही चला रहा था। गुरुवार को हरियाणा के नूंह में भी छापेमारी की गई, जहां पिनांगवा से खाद और बीज बेचने वाले एक शख्स को हिरासत में लिया गया। शक है कि आरोपियों ने इसी दुकान से भारी मात्रा में NPK खाद खरीदी थी. इसके अलावा, जांच टीम ने बुधवार को फरीदाबाद के खंडावली गांव में मॉड्यूल की दूसरी कार- लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट – भी बरामद की।





