नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार में एक ओर चुनाव में व्यस्त लालू यादव और तेजस्वी यादव अपनी पार्टी को मजबूत करने में लगे है तो वहीं दूसरी ओर लालू यादव के बड़े बेटे यानी तेजप्रताप यादव अब पायलट बनेंगे और प्लेन उड़ाएंगे। उड़ान प्रशिक्षण निदेशालय ने हाल ही में एक पत्र जारी किया है इसमें तेजप्रताप यादव को वाणिज्य विमान चालक कोर्स में दाखिले की अनुमति मिल गई है।
तेजप्रताप यादव को वाणिज्य विमान चालक कोर्स में दाखिले की अनुमति मिल गई है। इसके लिए तेजप्रताप ने 2023-24 में कॉमर्शियल पायलट लाइसेंस कोर्स में दाखिले के लिए इंटरव्यू दिया था और इस इंटरव्यू में उन्होंने सफलता हासिल कर ली है। उड़ान प्रशिक्षण निदेशालय ने कैंडिडेट की अंतिम सूची जारी की है जिसमें तेजप्रताप का नाम पांचवें स्थान पर है।
तेजप्रताप का सपना होगा पूरा
सामान्य वर्ग से CPL कोर्स के लिए चुने गए तेजप्रताप यादव अब औपचारिक रूप से इस कोर्स में दाखिला लेकर पायलट बनने का अपना सपना पूरा कर सकते हैं। CPL कोर्स के लिए कुल 20 सीटें उपलब्ध थी। जिनमें अलग-अलग श्रेणियों से 18 कैंडिडेट का चयन किया गया है।
तेजप्रताप ने शेयर किया था वीडियो
कुछ दिनों पहले तेज प्रताप यादव ने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक नया वीडियो शेयर किया था जिसमें वह पायलट की वर्दी में नजर आ रहे थे। इस वीडियो को देखें तो उसमें उनके पीछे एक देशभक्ति गीत बज रहा है। और वह एक विमान में बैठते भी दिखाई दे रहे हैं। तेज प्रताप ने इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा…जो व्यक्ति हवाई जहाज उड़ाता है उसे अदृश्य में विश्वास करना चाहिए। सर्वश्रेष्ठ पायलट दूसरों की तुलना में अधिक उड़ान भरते हैं। इसलिए वे सर्वश्रेष्ठ है।
विवादों में रहते हैं तेजप्रताप
विवादों से पुराना नाता रखनेवाले तेजप्रताप यादव को लेकर अक्सर लालू परिवार में भी हलचल मची रहती है। फिलहाल लालू ने तेजप्रताप यादव को परिवार और पार्टी से निकाल दिया है। जिसकी वजह तेजप्रताप की एक महिला के साथ तस्वीर वायरल हुई थी और फेसबुक पोस्ट में दावा किया गया था कि दोनों रिश्ते में हैं। हालांकि बाद में तेजप्रताप यादव ने कहा कि उनका अकाउंट हैक हुआ था।





