नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। नासा की प्रसिद्ध अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर आखिरकार 9 महीने बाद धरती पर सुरक्षित लौट आए हैं। भारतीय समयानुसार बुधवार, 19 मार्च 2025 की सुबह 3:30 बजे, दोनों अंतरिक्ष यात्री फ्लोरिडा के तट पर मेक्सिको की खाड़ी में सुरक्षित लैंड कर गए।
17 घंटे का सफर और स्पलैशडाउन
दोनों अंतरिक्ष यात्रियों ने स्पेसएक्स कैप्सूल के जरिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से 17 घंटे लंबी यात्रा के बाद धरती पर वापसी की। यह स्पलैशडाउन फ्लोरिडा के तल्हासी तट पर हुआ। नासा ने उनके सफल लैंडिंग का वीडियो भी जारी किया है।
5 जून 2024 को रवाना हुए थे अंतरिक्ष में
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 5 जून, 2024 को बोइंग स्टारलाइनर क्रू कैप्सूल में सवार होकर अंतरिक्ष मिशन पर गए थे। हालांकि, यह मिशन केवल एक सप्ताह का था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में तकनीकी खराबी के कारण उन्हें वहां अधिक समय तक रहना पड़ा। नासा को तकनीकी खराबी के चलते स्टारलाइनर कैप्सूल को खाली कराना पड़ा और दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष स्टेशन में ही शिफ्ट करना पड़ा। इस कारण उनकी वापसी कई बार टलती रही और फरवरी 2025 तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।
लैंडिंग के बाद स्ट्रेचर पर ले जाए गए यात्री
स्पेस से लौटने के बाद नासा की सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को स्ट्रेचर पर ले जाया गया। स्पेस में लंबे समय तक रहने के कारण अंतरिक्ष यात्रियों के शरीर में कई बदलाव आते हैं, जिससे वे तुरंत सामान्य रूप से नहीं चल पाते। इस वजह से नासा हर अंतरिक्ष यात्री के लिए यह प्रोटोकॉल अपनाता है। नासा ने उनकी लैंडिंग का वीडियो जारी कर उनके सफल मिशन की जानकारी दी। इस मिशन की सफलता से अंतरिक्ष अभियानों में नई संभावनाएं खुली हैं और यह नासा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।





