सुल्तानपुर– पंचायती राज तथा अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी/नवनियुक्त जनपद प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में कानून व्यवस्था व विकास कार्यों के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। उक्त परिचयात्मक बैठक में मंत्री का जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना व पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा द्वारा प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छा देकर स्वागत किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक द्वारा अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती ऊषा सिंह का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इसी प्रकार अन्य अधिकारीगणों द्वारा जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छा देकर स्वागत किया गया।
नवनियुक्त प्रभारी मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का जिलाधिकारी द्वारा हार्दिक स्वागत व अभिनंदन किया गया। उक्त परिचयात्मक बैठक में सभी अधिकारियों द्वारा मंत्री के समक्ष अपना परिचय दिया गया। तत्पश्चात मंत्री ने जनपद का प्रभारी मंत्री बनाये जाने पर अपनी आगामी बैठकों हेतु प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि आगामी बैठक राजस्व विभाग, पुलिस विभाग व विकास विभाग की अलग-अलग आयोजित की जायेंगी, उन्होंने कहा कि सभी विधायकगण व पार्टी पदाधिकारियों के साथ हम अलग से बैठक करेंगे और कहा कि आम जनमानस की प्रमुखता तीन ही समस्याएं पुलिस, राजस्व व विद्युत ज्यादा हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा दिये गये निर्देश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा, थाना दिवस व तहसील दिवस में आने वाली जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण करना प्रमुख उद्देश्य होना चाहिये उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी मुझसे अपनी समस्या के विषय में बात कर सकता है।





