sukma-women-naxalites-killed-in-encounter-between-drg-and-maoists
sukma-women-naxalites-killed-in-encounter-between-drg-and-maoists

सुकमा: डीआरजी और माओवादियों की मुठभेड़ में महिला नक्सली ढेर

सुकमा/ रायपुर, 18 जून (हि.स.)। प्रदेश के नक्सल प्रभावित बस्तर और सुकमा जिले के सीमावर्ती इलाके में डीआरजी और माओवादियों के बीच शुक्रवार की सुबह मुठभेड़ में एक महिला नक्सली मारी गई है। पुलिस के मुताबिक सर्चिंग पर निकली डीआरजी की टीम पर नक्सलियों ने हमला कर दिया। हालांकि कोई जवान हताहत नहीं हुआ है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। यह मुठभेड़ लगभग दो घंटे तक चली। जवानों को भारी पड़ता देख अन्य माओवादी जंगल का सहारा लेकर भाग गए हैं। जवान अब भी घटना स्थल पर मौजूद हैं और इलाके की सर्चिंग कर रहे हैं। पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज ने बताया कि सुरक्षाबलों को बस्तर और सुकमा जिले के सरहदी क्षेत्र चांदामेटा, पटेलपारा, गदमेपारा, अण्डालपारा, तुलसी डोंगरी, पयारभांट और आसपास के क्षेत्र में दरभा डिवीजन के कांगेर घाटी एरिया कमेटी के माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिली थी। सूचना के बाद बस्तर और दंतेवाड़ा जिले की डीआरजी, जिला पुलिसबल (सुकमा) तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 80वीं और 227वीं वाहिनी के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि आज सुबह करीब आठ बजे जब सुरक्षाबल के जवान चांदामेटा और पयारभांट गांव के मध्य जंगल में थे तब नक्सलियों ने बस्तर डीआरजी के जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से भाग गए। बाद में जब सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां वर्दीधारी एक महिला नक्सली का शव, एक एके-47 राइफल, दो पिस्तौल, 12 बोर की बंदूक, और भारी मात्रा में अन्य सामान बरामद किया गया। हिन्दुस्थान समाचार / मोहन ठाकुर/ केशव

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in