नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारतीय नौसेना में पहली बार कोई महिला फाइटर पायलट बनने का गौरव सब-लेफ्टिनेंट आस्था पुनिया को प्राप्त हुआ है। वे भारतीय नौसेना की पहली महिला फाइटर पायलट हैं। पहले से ही नौसेना में टोही विमान और हेलीकॉप्टर स्ट्रीम में महिला पायलट्स सक्रिय हैं, लेकिन आस्था पुनिया अब लड़ाकू विमान उड़ाने वाली पहली महिला होंगी। भारतीय नौसेना देश की सुरक्षा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और आस्था की भूमिका अब और भी महत्वपूर्ण हो जाएगी। इस उपलब्धि की जानकारी नौसेना ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा की है।
नेवी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
इंडियन नेवी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें सब-लेफ्टिनेंट आस्था पुनिया की तस्वीर भी शामिल है। पोस्ट में नेवी ने लिखा है, “नेवल एविएशन में एक नया इतिहास रचा गया है। 03 जुलाई 2025 को इंडियन नेवल एयर स्टेशन पर द्वितीय बेसिक हॉक कन्वर्जन कोर्स के समापन के अवसर पर एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित हुआ। रियर एडमिरल जनक बेवली, एसीएनएस (वायु) ने लेफ्टिनेंट अतुल कुमार ढुल और सब-लेफ्टिनेंट आस्था पुनिया को ‘विंग्स ऑफ गोल्ड’ पुरस्कार से सम्मानित किया।” नौसेना ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी है कि आस्था पुनिया नेवल एविएशन की फाइटर स्ट्रीम में शामिल होने वाली पहली महिला पायलट बनी हैं।
आस्था पुनिया कौन सा फाइटर एयरक्राफ्ट उड़ाएंगी?
फिलहाल आस्था पुनिया को किस फाइटर एयरक्राफ्ट पर उड़ान भरने का मौका मिलेगा, इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। भारतीय नौसेना के पास कुछ खास प्रकार के फाइटर एयरक्राफ्ट मौजूद हैं, जो आईएनएस विक्रमादित्य और INS विक्रांत के जरिए ऑपरेशन करते हैं। नौसेना के पास मिग-29 फाइटर एयरक्राफ्ट भी है, जो विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। इसकी कॉम्बैट रेंज लगभग 722 किलोमीटर है, जबकि इसकी सामान्य उड़ान रेंज 2346 किलोमीटर तक है। यह विमान 450 किलो ग्राम तक के चार बम, मिसाइल और अन्य हथियार ले जाने में सक्षम है।





