नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । हाल के दिनों में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत में आंधी तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाएं के साथ ओले गिरने का अनुमान लगाया गया है। जिससे देश के कई हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही 60 किमी की स्पीड से तेज हवाएं भी चलेंगी। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के कुछ राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया है। आइए जानते हैं कि अगले 7 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
IMD के मुताबिक, एक एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन मध्य असम और दूसरा पूर्वी बिहार एवं उससे सटे उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल पर मौजूद है। नॉर्थ साउथ ट्रफ तेलंगाना से मन्नार की खाड़ी तक बनी हुई है। एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और पड़ोस पर स्थित है। इसके असर से पूर्वोतर भारत में अगले 7 दिनों के दौरान गरज-बिजली के साथ हल्की बारिश होगी।
इन राज्यों में चलेंगी तेज हवाएं
इस प्रभाव से कई राज्यों में तेज हवाएं के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। देश के पूर्वी भारत, पूर्वी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 से 30 अप्रैल के बीच चमक- धमक और गरज के अलावा बिजली के साथ 60 किमी की स्पीड से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम में 27 अप्रैल को, बिहार में 26 से 28 अप्रैल तक और झारखंड में 28-29 अप्रैल को आंधी तूफान का अलर्ट दिया है। साथ ही ओडिशा और पूर्वी मध्य प्रदेश में 27-28 अप्रैल के दरमियान ओले गिरने और तेज बारिश का अनुमान है।
जानें कहां बरसेंगे बादल, चमकेगी बिजली?
दक्षिण भारत के राज्य कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी में अगले 7 दिनों के दौरान बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। पश्चिमी हिमाचली क्षेत्र और उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 29 अप्रैल से 2 मई के दौरान जमकर बरसात होगी। उत्तर पश्चिम भारत में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, यूपी, राजस्थान और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड राज्य आते हैं।
कई राज्यों में गिरेगा पारा
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान में अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है। यूपी में अगले 7 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। पूर्वी भारत और गुजरात में अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं । मध्य भारत में अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी। IMD ने हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 26 अप्रैल से 2 मई तक भंयकर लू चलेगी और हरियाणा में 26 से 30 मई तक, पंजाब में 26 अप्रैल से 1 मई तक हीटवेव की स्थिति रहेगी।
दिल्ली NCR में छाएंगे बादल
दिल्ली NCR की बात करें तो पिछले 24 घंटे में दिल्ली NCR में न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट और अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखी गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 में 23 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। दिल्ली NCR में 27 अप्रैल को आसमान में थोड़े हल्के बादल छाए रहेंगे हालांकि, राजधानी में 28-29 अप्रैल को मौसम एक दम साफ रहने की संभावना है और कुछ जगहों में लू चलने की संभावना है।





