नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । दिल्ली-NCR में बुधवार (21 मई ) की देर शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। एक ओर जहां भारी बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली तो वहीं दूसरी ओर सड़क और हवाई यातायात, जनमानस का भी नुकसान हुआ। तेज आंधी तूफान के चलते जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया। आंधी-तूफान और बारिश के कारण दिल्ली की मेट्रो सेवा पर भी असर पड़ा। इसके अलावा, कई उड़ानें भी प्रभावित हुईं। उधर, बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में दो युवक की मौत हो गई।
बता दें कि, देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-NCR के इलाकों के साथ-साथ पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मेरठ, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर में भी तेज-बारिश के अलावा, आंधी-तूफान चली। गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बागपत में आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई और कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। नोएडा में भी मूसलाधार बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। तेज बारिश से सड़कों पर वाहनों का जाम लगा गया। कई घंटो तो यातायात बाधित रहा। बारिश से जुड़ी कई घटनाओं में जनमानस का नुकसान हुआ है।
कई राज्यों में आंधी-बारिश
दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बुधवार को अचानक मौसल ने करवट ली। जहां राजधानी में दिनभर गर्मी और उमस के बाद तेज रफ्तार से हवाएं चलीं और भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे कई इलाकों में पेड़ गिर गए, जलभराव हुआ और ट्रैफिक जाम हो गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित हुईं, जबकि मेट्रो यात्री घंटों फंसे रहे।
खराब मौसम के चलते कई उड़ाने विलंबित
तेज बारिश और आंधी-तूफान के चलते दिल्ली में नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर कुछ उड़ानें विलंबित हुईं है। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली में आंधी-तूफान से दो की मौत, 11 घायल
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम को राष्ट्रीय राजधानी में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 22 वर्षीय एक युवक और एक दिव्यांग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए।





