नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। झांसी में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार थार कार ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कार के नीचे फंस गई और चालक करीब 500 मीटर तक दोनों को घसीटता हुआ ले गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
शादी समारोह से लौट रहे थे दोनों भाई
जानकारी के अनुसार, मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र के भदरवारा गांव के पास यह हादसा हुआ। गंजरानीपुर निवासी 60 वर्षीय राजकुमार साहू अपने चचेरे भाई 65 वर्षीय किशोरीलाल साहू के साथ छतरपुर (मध्य प्रदेश) में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह दोनों भाई बाइक से घर वापस आ रहे थे। जैसे ही वे भदरवारा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रही थार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
बाइक कार के नीचे फंसी, 500 मीटर तक घसीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद बाइक कार के नीचे फंस गई। कार चालक वाहन को रोकने की बजाय आगे बढ़ता रहा और करीब 500 मीटर तक दोनों भाइयों को घसीटता ले गया। इस दौरान दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद जब बाइक कार के नीचे से नहीं निकली तो चालक कार को वहीं छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह और अतिरिक्त निरीक्षक इंद्रपाल सरोज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कार के नीचे से निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि कार के नंबर के आधार पर मालिक की पहचान की जा रही है। हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है। फरार चालक की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





