नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के द्वारा राणा सांगा को लेकर दिए बयान पर विवाद और बढ़ता ही जा रहा है। सांसद के द्वारा दिए गए इस बयान पर राजपूत करणी सेना ने हाल ही में आगरा में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था। बयान से नाराज करणी सेना ने प्रदर्शन में सांसद के खिलाफ तलवारें लहराई थीं। इस मामले पर बवाल शांत भी नही हुआ की सपा नेता ने एक और बेतुका बयान देकर विवाद को हवा दे दी है।
‘आने वाले समय में मार-काट मचानी पड़ेगी’
उत्तरप्रदेश के मेरठ जिले के सपा उपाध्यक्ष रविंद्र प्रेमी का विवादित बयान सामने आया है। उनका यह बेतुका बयान सपा सांसद रामजीलाल सुमन के समर्थन में आया है। रविंद्र प्रेमी ने हाल ही के विरोध प्रदर्शन में करणी सेना के हथियार लहराने पर तीखा हमला किया। उन्होने कहा कि आगरा में हमारे सांसद के खिलाफ तलवारें लहराई गईं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय बड़ा भयंकर होगा, मार-काट मचानी पड़ेगी। सपा नेता के इस बयान के बाद अब नया विवाद खड़ा हो गया है।
‘देश का पूरा तंत्र हमारे खिलाफ है’
मेरठ में नगर निगम के एक मामले में पंचायत बुलाई गई थी। इस पंचायत में सपा नेता रविंद्र प्रेमी भी शामिल हुए थे, सपा नेता ने अपने विवादित बयान में कहा कि हमारे सांसद रामजीलाल सुमन के खिलाफ तलवारें लहराई गईं, ये शुरुआत है आने वाला समय बड़ा भयंकर होगा, मार-काट मचानी पड़ेगी। हथियार उठाने पड़ेंगे और तलवारें लेनी पड़ेंगी। उन्होंने कहा कि इनका मुकाबला हम तभी कर पाएंगे। देश का पूरा तंत्र हमाने खिलाफ है।
करणी सेना ने मचाया भारी बवाल
बता दें कि, सपा सांसद रामजीलाल सुमन के द्वारा राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान के विरोध में करणी सेना ने उनकी जयंती पर आगरा में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान बड़ी संख्या में करणी सेना के समर्थन आगरा पहुंचे और जमकर बवाल मचाया। इस बीच प्रदर्शनकारियों ने खूब डंडे और तलवारें लहराईं। उन्होंने सपा सांसद के घर में घुसकर इनकी हड्डियां तक तोड़ने की धमकी दी थीं।




