नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अगर आप भी नोएडा से मेरठ तक सफर कर रहे हैं तो आपको जगह जगह पर Sorry Bubu लिखे हुए पोस्टर दिख जाएंगे। सबसे ज्यादा ये पोस्टर नोएडा के सेक्टर 37 बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास बने हुए फुट ओवर ब्रिज पर लगे हुए हैं। हालांकि पुलिस भी इस गुत्थी को सुलझाने में नाकामयाब होती हुई दिख रही है। शुरुआती तौर पर पुलिस को ये किसी की कोई शरारत का मामला लग रहा है। लेकिन इसके बावजूद भी पुलिस इस मिस्ट्री को डिकोड करने में लगी हुई है।
पुलिस कर रही है पोस्टर चिपकाने वाले की पहचान
नोएडा पुलिस के लिए इस मिस्ट्री सुलझाना बहुत टेढ़ी खीर बनी हुई है। नोएडा से मेरठ तक लगे इन पोस्टरों की सच्चाई का पता लगाने के लिए पुलिस ने अपनी कार्यवाई शुरू कर दी है। क्योंकि सार्वजनिक जगहों पर पोस्टर चिपकाना गैर कानूनी है इसलिए पुलिस सड़क मार्ग पर लगे सभी CCTV फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस व्यक्ति की पहचान करके पता लगाया जाएगा कि सॉरी बुबु लिखने के पीछे क्या मकसद है।
क्या ये कोई वेबसीरीज प्रोमोशन का तरीका है?
जब से ये पोस्टर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना है तब से पुलिस के हाथ पांव भी फूल गए हैं। मामला जितना सामान्य दिख रहा है उतना ही गंभीर भी हो सकता है। ऐसा इसलिए कहा जा सकता है कि ये किसी असामाजिक तत्व की सीक्रेट भाषा हो सकती है जो देश के लिए खतरनाक साजिश का हिस्सा हो सकती है। हालांकि पुलिस इसे वेब सीरीज या किसी ब्रांड प्रमोशन का हिस्सा भी मान रही है। जबकि सोशल मीडिया यूजर्स इसे किसी प्रेमी का अपनी प्रेमिका से माफी मांगने का जरिया भी मान रहे हैं। इसकी गुत्थी सुलझने के बाद ही सच सामने आ सकेगा।





