नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत 15 जून, रविवार रात अचानक बिगड़ गई। उन्हें पेट से जुड़ी समस्या के कारण दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
रात 9 बजे भर्ती, तुरंत शुरू हुआ इलाज
रविवार रात 9 बजे, सोनिया गांधी को पेट में परेशानी होने लगी, जिसके बाद उन्हें गंगा राम अस्पताल के सर्जिकल गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग में भर्ती किया गया। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया, “उन्हें इमरजेंसी में लाया गया था, डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया और अब उनकी तबीयत स्थिर है। सोनिया गांधी पिछले कुछ वर्षों से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझती रही हैं। कोरोना काल में भी उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनकी उम्र और पूर्व स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए, डॉक्टर्स लगातार उन पर नजर रख रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी में निभा रही हैं अब भी अहम भूमिका
सोनिया गांधी ने 1997 में कांग्रेस जॉइन किया था और 1998 में पार्टी अध्यक्ष बन गईं।उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने 2004 और 2009 में लोकसभा चुनाव जीते और UPA सरकार बनाई। उन्होंने खुद प्रधानमंत्री बनने से इनकार कर दिया और डॉ. मनमोहन सिंह को पीएम चुना। 2017 में उन्होंने अध्यक्ष पद छोड़ा और राहुल गांधी को कमान दी। लेकिन 2019 में चुनावी हार के बाद, उन्होंने एक बार फिर पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी संभाली। सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद कांग्रेस पार्टी और देशभर के समर्थकों ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की है। सोशल मीडिया पर भी #GetWellSoonSoniaGandhi ट्रेंड कर रहा है। अस्पताल ने बताया कि जैसे-जैसे सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार होगा, अगला स्वास्थ्य अपडेट जारी किया जाएगा।





