नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। मेघालय के शिलांग स्थित अदालत ने राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट का मानना है कि मामला बेहद गंभीर है और जांच में सामने आए तथ्यों को देखते हुए आरोपी को राहत देना उचित नहीं होगा। सोनम पर आरोप है कि उसने हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिलवाया।
चार्जशीट में साजिश का दावा
लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, मेघालय पुलिस ने इस केस में 700 से अधिक पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इसमें दावा किया गया है कि राजा की हत्या सोनम और उसके कथित प्रेमी राज सिंह कुशवाहा ने मिलकर प्लान की थी। चार्जशीट में तीन सुपारी किलर्स-आकाश सिंह राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी-के नाम भी शामिल हैं। एक अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी आरोपियों पर हत्या के आरोप तय कर दिए हैं।
हनीमून पर गए थे, फिर हो गए लापता
यह सनसनीखेज मामला तब सामने आया जब मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी राजा और सोनम की 12 मई को शादी हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद 23 मई को दोनों मेघालय हनीमून पर गए, जहां से वे अचानक लापता हो गए। उन्हें आखिरी बार नोंगियाट के एक होमस्टे से चेक आउट करते देखा गया था।
खाई में मिला राजा का शव
लापता होने के कुछ दिनों बाद दंपती की किराए की स्कूटी सोहरारिम के पास लावारिस हालत में मिली। इसके करीब 10 दिन बाद, 2 जून को राजा रघुवंशी का शव पूर्वी खासी हिल्स के वेसावडोंग फॉल्स के पास एक गहरी खाई में बरामद हुआ, जिससे पूरे मामले ने हत्या का रूप ले लिया।
वाराणसी में मिली सोनम
राजा की पत्नी सोनम 8 जून तक लापता रही। बाद में वह उत्तर प्रदेश के वाराणसी-गाजीपुर मुख्य मार्ग पर एक ढाबे के पास मिली। मेघालय पुलिस के अनुसार, सोनम और 21 वर्षीय राज कुशवाहा को इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी माना जा रहा है। कोर्ट के जमानत खारिज करने के फैसले के बाद अब सोनम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।





