नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के सचिव पद के लिए आज 12 अगस्त वोटिंग हो रही है और माहौल बिल्कुल लोकसभा चुनाव जैसा है। इस बार मुकाबला बीजेपी के 7 बार के सांसद राजीव प्रताप रूडी और बीजेपी के ही पूर्व सांसद डॉ. संजीव बालियान के बीच है।
25 साल बाद चुनौती
राजीव प्रताप रूडी पिछले 25 साल से निर्विरोध सचिव बने हुए थे। लेकिन इस बार डॉ. बालियान ने उन्हें सीधी चुनौती देकर चुनाव को रोमांचक बना दिया है। दोनों ही उम्मीदवार बीजेपी से जुड़े होने के कारण मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।
निशिकांत दुबे का दावा- संजीव बालियान जीतेंगे
झारखंड के गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने भविष्यवाणी की है कि इस बार डॉ. संजीव बालियान जीतेंगे। उनका कहना है कि क्लब अब नौकरशाहों और पायलटों के हाथ में चला गया है, जबकि इसे केवल सांसद और पूर्व सांसद के हाथ में रहना चाहिए। इसलिए उन्होंने संजीव बालियान को वोट देने की अपील भी की।
स्मृति ईरानी ने बताया चुनौतीपूर्ण चुनाव
बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि इस बार कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के चुनाव में जो हलचल दिख रही है, वह बिल्कुल लोकसभा या राज्यसभा चुनाव जैसी है। उनके मुताबिक, नेताओं के बीच से एक नेता चुनना क्लब सदस्यों के लिए आसान नहीं है। कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के चुनावों पर बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कहा कि पहली बार, यह बीजेपी बनाम बीजेपी है, इसलिए नए लोगों के लिए खासकर यह काफी कंफ्यूजिंग है, तो वही बुलंदशहर से बीजेपी सांसद भोला सिंह ने कहा कि बदलाव होना चाहिए, कोई धर्म संकट नहीं है।
नतीजे कब आएंगे?
कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया की स्थापना 1947 में हुई थी। इसे सांसदों और पूर्व सांसदों के लिए एक सामाजिक मंच माना जाता है। आज शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी और 500 से ज्यादा वोट पड़ने की संभावना है। नतीजे भी आज ही आ सकते हैं।





