साधनों के अभाव में भी कभी न रुकने वाले समाज सुधारक थे श्रीकांत जोशी: इन्द्रेश कुमार
- हिन्दुस्थान समाचार के नवोत्थान को संकल्पित और समर्पित थे श्रीकांत जोशी : कुलदीप चन्द्र - पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, राष्ट्रीय विचार गोष्ठी का हुआ आयोजन पीएन द्विवेदी नई दिल्ली, 08 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य इन्द्रेश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि बहुभाषी न्यूज एजेंसी ‘हिन्दुस्थान समाचार’ के पुनरुद्धारक श्रीकांत जोशी जिस भी कार्य का संकल्प लेते थे, उसके प्रति वह समर्पित भाव से लगे रहते थे। इन्द्रेश कुमार आज श्रीकांत जोशी की पुण्यतिथि पर हिन्दुस्थान समाचार द्वारा आयोजित आनलाइन राष्ट्रीय विचार गोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि श्रीकांत जोशी ने एक कुशल मार्गदर्शक का जीवन जिया है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्रीकांत जोशी जहां हिन्दुस्थान समाचार के पुनरुद्धार और उसके वैचारिक पक्ष को लेकर चिंतिंत रहते थे वहीं उनका दूसरा पक्ष राष्ट्रवाद, समाज सुधार और कार्यकर्ताओं की मदद को लेकर भी था। समाज सुधार के क्षेत्र में तो वह राजा राममोहन राय सरीखे थे। समस्याओं से वे कभी भागते नहीं थे बल्कि उसकी गहराई में जाकर उसका पूरा अध्ययन करते थे और उसके उन्मूलन का उपाय करने के पक्षधर थे। इन्द्रेश कुमार ने आगे बताया कि श्रीकांत जोशी के अंदर अनुसूचित और जनजातीय समाज के प्रति बड़ा दर्द था। वह राष्ट्रवादी पयर्टन के हिमायती थे। लव जिहाद और लैंड जिहाद के प्रति भी उनका नजरिया बड़ा ही व्यावहारिक और राष्ट्रवादी था। संघ के वरिष्ठ प्रचारक इन्द्रेश कुमार ने अपने उद्वोधन के दौरान सुझाव दिया कि स्वर्गीय श्रीकांत जोशी और उनके विचारों एवं कृत्यों पर शोध होने चाहिए और कम से कम तीन ग्रंथ प्रकाशित होने चाहिए ताकि उनके मार्गदर्शक जीवन का लाभ समाज को मिल सके। हिमाचल प्रदेश केन्द्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के कुलपति डा. कुलदीप चन्द्र अग्निहोत्री ने कहा कि श्रीकांत जोशी हिन्दुस्थान समाचार को ही जीते थे। वह सदैव इस बहुभाषी न्यूज एजेंसी के नवोत्थान के लिए प्रयासरत रहे। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय जोशी ने कई महापुरुषों की जीवनी भी लिखवाई। हिन्दुस्थान समाचार के समूह सम्पादक रामबहादुर राय ने श्रीकांत जोशी के साथ अपनी प्रथम मुलाकात का संस्मरण सुनाते हुए बताया कि वह बड़े ही संकल्पित विचारधारा के व्यक्ति थे। कार्यक्रम की शुरुआत में; हिन्दुस्थान समाचार के कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद मार्डिकर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा अब हर साल श्रीकांत जोशी की पुण्यतिथि मनाई जाएगी। कार्यकारी अध्यक्ष ने यह भी कहा कि इस वर्ष अप्रैल माह में हिन्दुस्थान समाचार का स्थापना दिवस भी मनाया जाएगा। राष्ट्रीय विचार गोष्ठी की अध्यक्षता हिन्दुस्थान समाचार निदेशक मंडल के सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार अच्युतानंद मिश्र ने की। संचालन कार्यकारी सम्पादक जितेन्द्र तिवारी ने किया। ऑनलाइन विचार गोष्ठी से हिन्दुस्थान समाचार के देशभर के ब्यूरो प्रमुख, संवाददाता और श्रीकांत जोशी से लगाव रखने वाले लोग जुड़े रहे। हिन्दुस्थान समाचार-hindusthansamachar.in