shooter-dadi-chandro-tomar-died-from-corona-in-meerut-hospital
shooter-dadi-chandro-tomar-died-from-corona-in-meerut-hospital

शूटर दादी चंद्रो तोमर का कोरोना से मेरठ के अस्पताल में निधन

कुलदीप त्यागी मेरठ, 30 अप्रैल (हि.स.)। बागपत की शूटर दादी चंद्रो तोमर का शुक्रवार को निधन हो गया। कोरोना संक्रमण के कारण उनका मेरठ के आनंद अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन पर सामाजिक और खेल जगत की हस्तियों ने शोक जताया है। बागपत जनपद के बिनौली विकास खंड के जौहड़ी गांव की 89 वर्षीय चंद्रो तोमर को शूटर दादी के नाम से जाना जाता था। चंद्रो तोमर ने 60 साल की उम्र में शूटिंग को अपनाया। इसके लिए उन्हें अपने परिवार के पुरुषों का विरोध सहना पड़ा जबकि पोते-पोतियों ने उनका साथ दिया। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताएं जीती। शूटर दादी चंद्रो तोमर और उनकी बहन प्रकाशी तोमर के जीवन पर आधारित फिल्म 'सांड की आंख' का निर्माण किया गया। उन्हें राष्ट्रपति ने भी 'स्त्री शक्ति सम्मान' से नवाजा था। इसके अलावा सामाजिक क्षेत्र में भी उन्हें कई सम्मान मिले थे। उन्हें विश्व का उम्रदराज निशानेबाज माना जाता था। कोरोना संक्रमण के कारण गुरुवार रात को ही उन्हें मेरठ के आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी और शुक्रवार को उनका निधन हो गया। उनके निधन से सामाजिक और खेल जगत के लोगों ने शोक की लहर दौड़ गई। हिन्दुस्थान समाचार

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in