‘गाय, टोपी, टीका, पाकिस्तान…जैसे शब्द हटा दें तो भाजपा खत्म हो जाएगी’, ओवैसी की पार्टी के नेता का तीखा बयान

अख्तरुल ईमान ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी केवल ‘गाय, टोपी, टीका’ जैसे मुद्दों पर राजनीति करती है और जनता की असली समस्याओं से ध्यान भटकाती है।

6
Akhtarul Iman
Akhtarul Iman

नई दिल्‍ली/रफ्तार डेस्‍क । भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के नेता अख्तरुल ईमान ने बड़ा बयान दिया है। मंगलवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के शब्दकोश से ‘गाय, टोपी, टीका, हिंदुस्तान-पाकिस्तान और कब्रिस्तान’ जैसे शब्द हटा दिए जाएं, तो पार्टी उसी तरह समाप्त हो जाएगी जैसे पानी के बिना मछली तड़पकर मर जाती है। अख्तरुल ईमान ने आरोप लगाया कि भाजपा इन मुद्दों के सहारे राजनीति करती है और जनता के असली सवालों से ध्यान भटकाती है।

अमित शाह के बिहार दौरे पर उठाए सवाल

अख्तरुल ईमान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के तीन दिवसीय बिहार दौरे (25 फरवरी, 2026 से) को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को सीमांचल क्षेत्र में आकर केवल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए नहीं, बल्कि आंतरिक सुरक्षा और पलायन जैसी गंभीर समस्याओं की समीक्षा करनी चाहिए।

अख्तरुल ईमान ने कहा कि बिहार के सीमांचल क्षेत्र में बांग्लादेश और नेपाल की सीमा पर सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय सरकार का है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर घुसपैठ हो रही है, तो बीएसएफ और एसएसबी किसके नियंत्रण में हैं और आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है। उन्‍होंने कहा कि गृह मंत्री को राजनीतिक खेलों से बचकर स्थानीय लोगों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। 

“अबकी बार ये लोग मेरा समर्थन करें” – अख्तरुल ईमान 

अख्तरुल ईमान ने आरजेडी के विधायक भाई वीरेंद्र द्वारा हिना शहाब को राज्यसभा भेजने की अपील पर प्रतिक्रिया दी। अख्तरुल ईमान ने कहा कि भाई वीरेंद्र पार्टी के प्रवक्ता नहीं हैं, इसलिए उनकी इस मांग को मान्य नहीं किया जा सकता। राज्यसभा की सीट को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया “अबकी बार ये लोग मेरा समर्थन करें। हम आगे उनका समर्थन करेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि शुरुआत से ही उन्होंने स्वीकार किया था कि उनकी पार्टी सीमित ताकत वाली है और राज्यसभा में उसका कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। अख्तरुल ईमान ने यह भी कहा कि यदि उद्देश्य सांप्रदायिक शक्तियों को हराना है, तो केवल गुस्से में कोई भी काम करके यह हासिल नहीं किया जा सकता।