नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। एनसीपी (एसपी) के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार की तबीयत सोमवार को अचानक बिगड़ गई। स्वास्थ्य में गिरावट के बाद उन्हें बारामती से पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती कराने का फैसला किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें बुखार, खांसी और कफ की शिकायत है।
तेरहवीं पुण्यतिथि कार्यक्रम में नहीं हो सके शामिल
शरद पवार को आज बारामती तालुका के काठेवाड़ी में दिवंगत नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की तेरहवीं पुण्यतिथि के कार्यक्रम में शामिल होना था। लेकिन सुबह से ही तबीयत खराब होने के कारण उन्हें यह कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, सुबह से शरद पवार को खांसी, बुखार और जुकाम की समस्या थी। इसके बाद डॉक्टरों की एक टीम बारामती स्थित गोविंदबाग आवास पहुंची और उनकी जांच की। दोपहर में डॉक्टरों ने दोबारा उनकी सेहत का जायजा लिया, जिसके बाद उन्हें पुणे ले जाने का निर्णय किया गया।
पुणे के रूबी अस्पताल में चल रहा है इलाज
शरद पवार को पुणे के रूबी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। उनके साथ बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी मौजूद हैं। काफिले में एम्बुलेंस और मेडिकल सपोर्ट टीम शामिल है। अस्पताल पहुंचने के बाद उनका आगे का इलाज वहीं किया जाएगा। परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार को लगातार खांसी और कफ की वजह से सांस लेने में परेशानी हो रही थी। एहतियात के तौर पर उन्होंने प्रोटेक्टिव मास्क भी पहन रखा था और मेडिकल टीम अलर्ट मोड पर थी।
पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी सेहत
बताया जा रहा है कि शरद पवार की तबीयत पिछले कुछ दिनों से पूरी तरह ठीक नहीं थी। इसी वजह से वह बीते दो-तीन महीनों से सार्वजनिक कार्यक्रमों में कम नजर आ रहे थे। हालांकि, अजीत पवार के निधन के बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मिलना फिर शुरू किया था। पिछले हफ्ते शरद पवार लगातार तीन दिन उस कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में रहे, जहां अजीत पवार रहते थे। वहां बड़ी संख्या में पार्टी नेता और शुभचिंतक शोक जताने पहुंचे थे। माना जा रहा है कि पिछले आठ दिनों से लगातार लोगों से मिलने और राजनीतिक गतिविधियों के कारण वे काफी थक गए थे।





