नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली के शकरपुर में पुलिस ने सिविल सेवा प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही एक महिला किरायेदार के बाथरूम और बेडरूम में कैमरा लगाने के आरोप में एक 30 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान करन के रूप में हुई है और वह मकान मालिक का बेटा है और विकलांग है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर महिला किरायेदार का वीडियो बनाने के लिए उसके बेडरूम और बाथरूम में लगे बल्ब में जासूसी कैमरों को छिपाया था।
व्हाट्सएप से जुड़ा मिला अज्ञात लैपटॉप
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसने अपने व्हाट्सएप अकाउंट पर देखा कि अकाउंट से एक अज्ञात डिवाइस जुड़ी हुई है। जिसके बाद उसने इसकी जांच की तो उसे एक अज्ञात लैपटॉप मिला। जिसे तुरंत उसने लॉग आउट कर दिया। इसके बाद पीड़िता को संदेह हो गया कि कोई उसकी जासूसी कर रहा है।
बाथरूम और बेडरूम में मिला कैमरा
इसके बाद उसने अपने पूरे अपार्टमेंट की तलाशी शुरू कर दी। इसी दौरान उसने देखा कि उसके बाथरूम के बल्ब होल्डर में एक कैमरा लगा हुआ है। इसके बाद उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे अपार्टमेंट की छानबीन की। इस दौरान पुलिस को बेडरूम के बल्ब होल्डर में भी एक कैमरा लगा पाया गया।
घर जाने पर करन को दे दी थी चाबियां
पुलिस की पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि वो जब कुछ दिनों के लिए कहीं जाती है तो वो कमरे की चाबियां मकान मालिक के बेटे को सौंप जाती है। जब वो तीन महीने पहले अपने घर गई थी तो उसने कमरे की चाबियां करण को दे गई थी। जिसके बाद पुलिस ने करण को पूछताछ के लिए बुलाया।
बिजली मरम्मत के बहाने मांगता था फ्लैट की चाबी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी करन ने ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए बाजार से तीन जासूसी कैमरे खरीदकर एक बेडरूम और दूसरा बाथरूम में लगा दिया। पुलिस ने बताया कि इन कैमरों को ऑनलाइन चलाया नहीं जा सकता था और इसकी मेमोरी कार्ड भर जाती थी। इसलिए करन बार-बार बिजली की मरम्मत के बहाने चाबियां मांगा करता था, ताकि मेमोरी कार्ड में रिकॉर्ड वीडियो वो अपने लैपटॉप में ट्रांसफर कर सके।
पुलिस ने 2 लैपटॉप किये जब्त
फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी करन को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने उसके दो लैपटॉप भी जब्त किये हैं। भारतीय न्याय संहिता कानून के तहत उसे कम से कम एक साल की जेल हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





