नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । झारखंड के हजारीबाग में सुरक्षा बलों और माओवादी नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये का इनामी सहदेव सोरेन समेत तीन नक्सली मार गिराए गए। यह जानकारी झारखंड पुलिस ने दी। बताया गया कि 209 CoBRA कमांडो और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई। इस एनकाउंटर में मारे गए नक्सलियों के पास से AK-47 बरामद की गई है। इस ऑपरेशन को सुरक्षा बलों ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस मुठभेड़ में सभी जवान सुरक्षित है।
एनकाउंटर में ये नक्सली हुए ढेर
झारखंड के हजारीबाग में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में तीन प्रमुख नक्सली मारे गए, जिनमें एक करोड़ रुपये के इनामी सहदेव सोरेन भी शामिल हैं।
सहदेव सोरेन – सेंट्रल कमेटी का सदस्य, इनाम : 1 करोड़ रुपये
रघुनथ हेम्ब्रम – स्पेशल एरिया कमेटी का सदस्य, इनाम : 25 लाख रुपये
वीरसेन गांझू – जोनल कमेटी का सदस्य, इनाम : 10 लाख रुपये
झारखंड में नक्सलवाद पर CoBRA का प्रहार
झारखंड में नक्सल विरोधी अभियानों में 209 CoBRA के बहादुर जवानों ने इस साल बड़ी कामयाबी हासिल की है। 2025 में अब तक कुल 20 कट्टर नक्सलियों को मुठभेड़ों में मार गिराया गया है, जिनमें शामिल हैं :-
2 केंद्रीय समिति सदस्य
2 BJSC सदस्य
4 क्षेत्रीय समिति सदस्य (ZCM)
2 उप-क्षेत्रीय समिति सदस्य (SZCM)
3 क्षेत्र समिति सदस्य (ACM)
इसके अलावा, सुरक्षा बलों ने 3 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 1 SZCM, 1 ACM और 1 काडर शामिल हैं। इन सफल अभियानों ने नक्सलियों के बीच भारी दहशत और अस्थिरता पैदा कर दी है।
झारखंड में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, 18 नक्सली ठिकानों का भंडाफोड़
झारखंड में 209 कोबरा के जवानों ने इस साल नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 18 नक्सली ठिकानों और 39 बंकरों का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने 32 अत्याधुनिक ऑटोमेटिक हथियार, 345 किलोग्राम विस्फोटक, 88 डेटोनेटर, 2500 जीवित गोला-बारूद और अन्य युद्ध-योग्य सामग्रियां बरामद की हैं। इन कार्रवाइयों ने नक्सलियों को भारी क्षति पहुंचाई है और उनकी परिचालन क्षमता व संगठनात्मक ढांचे को कमजोर कर दिया है।





