नई दिल्ली, 18 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी बंगाल में होने वाले आगामी चुनावों में सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद बनाए रखने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कुल 725 कंपनियां तैनात की जाएगी। हालांकि चुनाव के फेज एक फेज दो फेज तीन की सिलसिलेवार तैनाती की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। चुनावों के दौरान सीआरपीएफ के सामने आने वाली चुनौतियों पर बल के महानिदेशक कुलदीप सिंह ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के लिए चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्टेट अथॉरिटी के साथ तालमेल बनाकर सपोर्ट और तैनाती की जाती है। चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी होने की संभावनाओं के लिए राज्य स्तर पर इंटेलिजेंस इनपुट को ध्यान में रखकर काम किया जाता है। कुलदीप सिंह ने बताया कि पश्चिम बंगाल में अब तक विभिन्न सुरक्षा बलों की 495 कंपनियां तैनात की जा चुकी है। अगले दो-तीन दिनों में अन्य कंपनियां तैनात कर दी जाएंगी। वहीं एक अन्य सवाल के जवाब में महानिदेशक ने बताया कि मौजूदा समय में बल की तरफ से कुल पांच लोगों को जेड और पांच अन्य को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान कराई जा रही है। किसी भी तरह की अति विशिष्ट लोगों को दी जाने वाली सुरक्षा के एक सवाल पर उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में आवेदन मिलने के बाद किसी भी तरह की कोई देर किए बिना त्वरित कार्रवाई करते हुए तुरंत ही सम्बन्धित श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम कर दिया जाता है। जम्मू-कश्मीर में 08 चरणों में हुए डीडीसी के चुनाव में था सीआरपीएफ का योगदान महानिदेशक ने बताया कि सीआरपीएफ जम्मू-कश्मीर में 08 चरणों में आयोजित हुए डीडीसी के चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से आयोजित करवाने में भी सफल रहा है। बल ने जम्मू-कश्मीर में तैनात बटालियनों के प्रयोग हेतु दो बख्तरबंद सैन्य वाहनों को शामिल किया था। इसके साथ ही बल ने 21 बुलेट प्रूफ जिप्सियों और 19 बुलेटप्रूफ वन टन वाहनों को भी शामिल किया था। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




