नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने वक्फ संपत्तियों को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने सरकार पर धार्मिक संपत्तियों पर कब्जा करने और उसे अपने करीबी लोगों को देने का आरोप लगाया।
‘हिंदुस्तान सबका है’ – संजय सिंह ने उदय प्रताप की कविता पढ़ी
संजय सिंह ने चर्चा की शुरुआत कवि उदय प्रताप की पंक्तियों से की,”ना तेरा है, ना मेरा है, ये हिंदुस्तान सबका है,जो आकर मिल गई इसमें वो नदियां दिखलाई नहीं देतीं, महासागर बनाने में योगदान सबका है।” उन्होंने कहा कि सरकार को सबका ध्यान रखना चाहिए, न कि संविधान विरोधी बिल लाकर लोगों के अधिकार छीनने चाहिए। संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार दावा कर रही है कि यह कानून मुसलमानों के भले के लिए लाया जा रहा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “जब मैं यह सुनता हूं, तो ऐसा लगता है जैसे कपिल शर्मा के कॉमेडी सर्कस में बैठा हूं। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार मुसलमानों की भलाई की बात कर रही है, जबकि भाजपा के दोनों सदनों में सिर्फ एक मुस्लिम सदस्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मुख्तार अब्बास नकवी और शाहनवाज हुसैन की राजनीति खत्म कर दी।
‘आज वक्फ की जमीन, कल गुरुद्वारे और मंदिर की बारी’
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार वक्फ की संपत्तियों को कब्जे में लेकर अपने करीबी लोगों को देगी। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ वक्फ की संपत्ति की बात नहीं है। अगर आज वक्फ की संपत्तियां दी जा रही हैं, तो कल गुरुद्वारों, चर्चों और मंदिरों की संपत्तियां भी कब्जा कर ली जाएंगी।
‘राम मंदिर में घोटाला करने वाले लोग हैं ये’
संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर राम मंदिर के नाम पर घोटाले का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “आपने 2 करोड़ की जमीन को 18 करोड़ में बेचा। ये लोग भगवान श्रीराम के नाम पर भी घोटाला करने से पीछे नहीं हटते। यह लोग चंदा चोर हैं। AAP सांसद ने वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर कहा कि इस पर 1 करोड़ सुझाव आए हैं, तो सरकार को इन्हें सार्वजनिक करना चाहिए। इससे यह साफ हो जाएगा कि कितने लोग इस बिल के पक्ष में हैं और कितने विरोध में।
‘सरकार का मकसद दंगा कराना’
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की मंशा देश में दंगा और नफरत फैलाने की है। उन्होंने कहा, “2020 में भाजपा सरकार ने कहा था कि वक्फ संपत्तियां डिजिटल हो चुकी हैं, फिर अब इन्हें छेड़ने की क्या जरूरत है? सरकार हिंदुओं और मुसलमानों को लड़ाने की कोशिश कर रही है। संजय सिंह के इन बयानों के बाद सत्ता पक्ष के सांसदों ने जोरदार हंगामा किया। भाजपा नेता भूपेंद्र यादव ने उनके बयान पर पॉइंट ऑफ ऑर्डर उठाया। हालांकि, संजय सिंह अपने बयान पर कायम रहे और सरकार पर तीखे हमले करते रहे। संजय सिंह के इस बयान के बाद संसद में बहस तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। अब देखना होगा कि सरकार इस विधेयक पर क्या रुख अपनाती है और आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।





