नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। हरियाणा सरकार ने CET 2025 परीक्षा में शामिल होने जा रहे लाखों युवाओं के लिए फ्री यात्रा की सुविधा का ऐलान किया है। राज्यभर में 26 और 27 जुलाई को कुल 9000 बसों का संचालन किया जाएगा, जिनमें परीक्षार्थियों को बिल्कुल मुफ्त यात्रा करवाई जाएगी।
महिला परीक्षार्थियों को खास सुविधा
सरकार ने महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके साथ एक सहायक को भी मुफ्त यात्रा की अनुमति दी है। यह फैसला छात्राओं और उनके परिजनों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
शहर से परीक्षा केंद्र तक चलेगी फ्री शटल बस
राज्य सरकार ने अंतिम मील तक सुविधा सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा वाले दिन बस अड्डों से परीक्षा केंद्रों तक मुफ्त शटल सेवा भी शुरू करने की घोषणा की है। यह सेवा विशेष रूप से उन छात्रों के लिए मददगार होगी जो दूरदराज़ के इलाकों से परीक्षा देने आते हैं।
ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल शुरू
यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए परिवहन विभाग ने ऑनलाइन अग्रिम बुकिंग सुविधा भी शुरू कर दी है। छात्र hartrans.gov.in/advance-booking-for-cet-2025/ वेबसाइट पर जाकर अपने जिले से परीक्षा केंद्र तक की यात्रा की बुकिंग कर सकते हैं। हरियाणा सरकार ने सभी जिलों में परीक्षार्थियों की सहायता के लिए अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर जारी करने की योजना भी बनाई है। इन नंबरों पर छात्र किसी भी जानकारी या परेशानी के लिए संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “हमारी सरकार हर कदम पर युवाओं के साथ है। चाहे सीईटी परीक्षा हो या कोई और चुनौती, हम हर जरूरत में छात्रों को सहयोग देंगे। मैं सभी परीक्षार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देता हूं।” हरियाणा सरकार का यह कदम न सिर्फ छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है, बल्कि यह युवाओं को बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करने वाला प्रयास भी है। अब देखना होगा कि यह योजना परीक्षा के दिन कितनी कारगर साबित होती है।





