नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। केंद्रीय मंत्री Jayant Chaudhary से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी दी गई है। बताया जा रहा है उन्हें पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से एक अंजान नबंर से धमकी भरा कॉल आया जिसमें फोन करने वाले शख्स ने अपना नाम इस्माइल बताया। यह धमकी जयंत चौधरी के निजी सहायक विश्वेंद्र शाह के फोन पर दी गई है। हालांकि जयंत चौधरी की ओर से इस मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस को दे दी गई है। पश्चिम बंगाल पुलिस भी इस मामले की तहकीकात कर रही है।
पुलिसिया शिकायत में जासूसी का जिक्र
धमकी मिलने के बाद जयंत चौधरी की ओर से तुगलक रोड़ थाने में शिकायत दी गई जिसमें जासूसी का भी शक जताया गया है। शिकायत में कहा गया है कि ”कोई अंजान व्यक्ति हमारे आवास की निगरानी कर रहा है कि गेट कब बंद होता है और कब बंद होता है। लगभग तीन दिन पहले रात 9:00 से 10:00 बजे के बीच एक सफेद रंग की स्विफ्ट गाड़ी, जिसके शीशे काले थे, कोठी के दूसरी तरफ काफी देर तक खड़ी रही और उसमें सवार लोग कोठी की निगरानी कर रहे थे। कृपया मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी गंभीरता से जाँच की जाए।”
कैसा रहा है Jayant Chaudhary का सियासी सफर
Jayant Chaudhary भारतीय राजनीति के प्रमुख युवा नेताओं में गिने जाते हैं। वे राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के अध्यक्ष हैं और पूर्व प्रधानमंत्री Chaudhary Charan Singh के पोते हैं। जयंत ने 2009 में मथुरा से लोकसभा चुनाव जीतकर अपने सियासी करियर की शुरुआत की। वे किसान मुद्दों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में खास पकड़ रखते हैं। 2019 के बाद उन्होंने संगठन को मजबूत किया और 2022 यूपी चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाई। हाल के वर्षों में वे NDA के साथ गठबंधन कर केंद्र सरकार में मंत्री भी बने, जिससे उनका राजनीतिक कद और बढ़ा है।




