नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव को भारत रत्न देने की मांग तेज हो गई है। इस मांग को लेकर आरजेडी कार्यालय के बाहर पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें लालू यादव को ‘गरीबों का मसीहा’ बताया गया है। पोस्टरों पर लालू यादव के साथ बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर भी लगाई गई है, जिससे यह मुद्दा और चर्चा में आ गया है।
पोस्टरों के जरिए सरकार से अपील
पोस्टरों पर लिखा गया है “गरीबों के मसीहा हमारे भगवान। भारत सरकार से अपने आदरणीय नेता के लिए एक मांग- लालू प्रसाद यादव को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।” बताया जा रहा है कि ये पोस्टर आरजेडी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश सचिव राजेंद्र रजक की ओर से लगाए गए हैं। इस पहल के बाद राजनीतिक गलियारों में इस मांग को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
‘समाजवादी आंदोलन के अनमोल रत्न’ लालू यादव
गौरतलब है कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ओर से पहले भी कई बार लालू प्रसाद यादव को भारत रत्न देने की मांग उठती रही है, लेकिन यह पहली बार है जब पोस्टर लगाकर इस मांग को सार्वजनिक रूप से सामने रखा गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि समाजवादी आंदोलन के बचे हुए अनमोल रत्न लालू यादव भारत रत्न के पूरी तरह हकदार हैं, जिन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में सामाजिक न्याय की राजनीति को नई दिशा दी।
समाजवादी नेताओं को मिल चुका है भारत रत्न
यह भी उल्लेखनीय है कि समाजवादी पृष्ठभूमि से आने वाले स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह और स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भारत रत्न से सम्मानित किया जा चुका है। ऐसे में आरजेडी का तर्क है कि लालू यादव भी समाजवादी विचारधारा से जुड़े रहे हैं और सामाजिक समानता की लड़ाई में उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें भी इस सर्वोच्च सम्मान से नवाजा जाना चाहिए।
नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की भी उठ चुकी है मांग
यह मांग ऐसे समय में जोर पकड़ रही है, जब कुछ दिन पहले जनता दल (यूनाइटेड) के नेता केसी त्यागी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग उठाई थी। इस सिलसिले में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी भी लिखी थी, जिससे राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा शुरू हो गई थी।





