नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। 26 जनवरी को देश अपना 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गर्व के साथ मनाने जा रहा है। इस मौके पर कर्तव्य पथ पर होने वाली भव्य परेड देखने के लिए हजारों लोग दिल्ली पहुंचते हैं। अगर आप भी गणतंत्र दिवस परेड को करीब से देखने की योजना बना रहे हैं, तो कुछ जरूरी नियम और सुरक्षा निर्देशों को जान लेना आपके लिए बेहद जरूरी है, वरना एंट्री में परेशानी हो सकती है।
दिल्ली में हाई अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गणतंत्र दिवस और 29 जनवरी को होने वाले बीटिंग रिट्रीट समारोह को लेकर दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। लगातार मिल रहे खुफिया इनपुट के चलते राजधानी और आसपास के राज्यों की सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, आईबी ने लाल किला जैसे संवेदनशील इलाकों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
जूते-जैकेट तक होगी जांच
परेड के दौरान सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहतीं। कर्तव्य पथ पर आने वाले दर्शकों की सख्त तलाशी ली जाएगी। जूते, जैकेट और कपड़ों तक की बारीकी से जांच होगी। पुलिस की अपील है कि लोग समय से पहले पहुंचें, ताकि सुरक्षा जांच में देरी न हो।
हवाई सेवाओं पर भी असर
सुरक्षा तैयारियों के तहत 26 और 29 जनवरी को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास हवाई क्षेत्र में अस्थायी प्रतिबंध लागू रहेंगे। इस दौरान कुछ उड़ानों के समय में बदलाव या देरी हो सकती है, इसलिए यात्रियों को पहले से योजना बनाने की सलाह दी गई है।
पहचान पत्र रखना अनिवार्य
परेड देखने आने वालों के लिए पहचान पत्र साथ रखना जरूरी है। पुलिस ने साफ कहा है कि बिना वैध आईडी के एंट्री नहीं दी जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे कम से कम सामान लेकर आएं। बैग में केवल मोबाइल फोन, आईडी कार्ड, जरूरी दस्तावेज और पानी की छोटी बोतल रखें।
इन चीजों पर पूरी तरह रोक
सुरक्षा कारणों से कई सामानों को ले जाने की सख्त मनाही है। हथियार, चाकू, ब्लेड, कैंची, किसी भी तरह की तेजधार चीज, बड़ा बैग, शराब, सिगरेट, नशीले पदार्थ, माचिस, लाइटर, ड्रोन, प्रोफेशनल कैमरा, बिना अनुमति पावर बैंक, सेल्फी स्टिक और लेजर लाइट ले जाने पर पुलिस कार्रवाई कर सकती है।
‘वंदे मातरम’ थीम में दिखेगा देश का गौरव
इस साल गणतंत्र दिवस परेड 2026 की मुख्य थीम ‘वंदे मातरम’ रखी गई है, जिसमें भारत की सांस्कृतिक विविधता, सैन्य ताकत और विकास की झलक देखने को मिलेगी।
अगर आप इन नियमों का पालन करेंगे, तो गणतंत्र दिवस की परेड का आनंद बिना किसी परेशानी के ले सकेंगे और इस ऐतिहासिक दिन का हिस्सा बन पाएंगे।





