नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल 23 जनवरी को होगी। Republic Day Parade की रिहर्सल सुबह 10:30 बजे विजय चौक से शुरू होगी और लाल किले तक जाएगी। इसको लेकर दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। जिसके अनुसार 22 जनवरी की शाम 6 बजे से लेकर 23 जनवरी को रिहर्सल पूरा होने तक विजय चौक से इंडिया गेट तक यातायात प्रभावित रहेगा। इसके अलावा दिल्ली में भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।
दिल्ली के लोग इन रास्तों पर जाने से बचें
दिल्ली पुलिस ने लोगों को जाम की स्थिति से बचने के लिए घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है। इसके लिए लोग दिल्ली मेट्रो का उपयोग कर सकते है। जारी हुई एडवायजरी के अनुसार 22 जनवरी को रात 11 बजे से रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड़ पर परेड समाप्त होने तक कर्तव्यपथ पर कोई क्रॉस ट्रैफिक नहीं होगा। C हेक्सगन-इंडिया गेट 23 जनवरी को सुबह 09:15 बजे से परेड के तिलक मार्ग पार होने तक यातायात के लिए बंद रहेगा। 23 जनवरी को सुबह साढ़े 10 बजे से तिलकमार्ग, बीएसजेड मार्ग और सुभाषमार्ग पर दोनों दिशाओं में यातायात की अनुमति नहीं होगी। परेड की आवाजाही के आधार पर ही क्रॉस ट्रैफिक की अनुमति दी जाएगी।
कमर्शियल वाहनों की नो एंट्री
सभी तरह के कमर्शियल वाहनों को 22 जनवरी की रात 10 बजे से 23 जनवरी की दोपहर 1:30 बजे तक दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा, 23 जनवरी को सुबह 9:15 बजे से ‘सी’-हेक्सागन-इंडिया गेट बंद रहेगा, तथा तिलक मार्ग, बीएसजेड मार्ग और सुभाष मार्ग पर 1030 बजे से यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
इन रास्तों का करें उपयोग
रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां, आइ.पी फ्लाईओवर, राजघाट, रिंग रोड, लोधी रोड टी प्वाइंट, अरबिंदो मार्ग, एम्स चौक, रिंग रोड, धौला कुआं, वंदे मातरम मार्ग, शंकर रोड, पार्क स्ट्रीट या मंदिर मार्ग। आइएसबीटी ब्रिज होते हुए बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी फ्लाईओवर, झंडेवालान, डीबी गुप्ता रोड, शीला सिनेमा रोड, पहाड़गंज ब्रिज होते हुए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहीं, गाजियाबाद से शिवाजी स्टेडियम जाने वाली बसें भैरों रोड से आगे नहीं जाएंगी। एनएच-24 से आने वाली बसों की सेवा आईएसबीटी आनंद विहार पर खत्म हो जाएगी।





