नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। जनसत्ता दल के नेता और कुंडा विधायक राजा भैया (रघुराज प्रताप सिंह) की पत्नी भानवी सिंह का मंगलवार देर रात लखनऊ के हजरतगंज इलाके में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। बताया जा रहा है कि वे अपनी बहन साध्वी सिंह के घर सिल्वर ओक अपार्टमेंट पहुंचीं, लेकिन जब बहन ने दरवाजा नहीं खोला तो उन्होंने वहां हंगामा खड़ा कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही बहन ने 112 पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया और भानवी सिंह को वहां से वापस भेजा।
बहन ने लगाए गंभीर आरोप
भानवी की बहन साध्वी सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी बड़ी बहन लगातार घर आकर परिवार को धमकाती हैं। उन्होंने बताया कि प्रॉपर्टी को लेकर अक्सर विवाद होता रहता है और यही वजह है कि अब परिवार उनसे दूरी बनाए हुए है।
पति से भी चल रहा विवाद
गौरतलब है कि भानवी सिंह का अपने पति राजा भैया से भी विवाद चल रहा है। उन्होंने दिल्ली की साकेत कोर्ट में तलाक की अर्जी दी है और कोर्ट में दाखिल हलफनामे में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। भानवी सिंह ने दावा किया है कि शादी के बाद से उनके साथ घरेलू हिंसा, दुर्व्यवहार और पति के विवाहेतर संबंधों की शिकायत रही है। हलफनामे में उन्होंने यह भी कहा है कि राजा भैया अकसर “डांस बार” जाया करते थे और कई महिलाओं से संबंध रखते थे।
2016 की घटना का जिक्र
भानवी सिंह ने कोर्ट में 2016 की एक घटना का भी उल्लेख किया है, जिसे उन्होंने मानसिक प्रताड़ना का उदाहरण बताया है। फिलहाल इस पूरे मामले पर राजा भैया की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन लगातार बढ़ते पारिवारिक विवाद और अब इस तरह के घटनाक्रम ने सियासी गलियारों में हलचल जरूर पैदा कर दी है।





