नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे के ‘पटक-पटक कर मारने’ वाले बयान पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दुबे को सीधी चुनौती देते हुए कहा, “एक सांसद हमें धमकी देता है कि वो पटक-पटक कर मारेगा। तू हमको मारेगा दुबे, अगर हिम्मत है तो मुंबई आओ। मुंबई के समंदर में डुबा डुबाकर मारेंगे।”
राज ठाकरे ने सवाल भी उठाया, “क्या दुबे के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई? कोई केस दर्ज हुआ? 56 इंच की छाती लेकर तुम भी घूमो। तुम मालिक हो महाराष्ट्र के, अगर महाराष्ट्र की अस्मिता पर किसी ने हमला किया, खासकर मराठी मानुष का अपमान किया, तो याद रखना, हमारे हाथ और उसका चेहरा आमने-सामने जरूर होंगे।”
राज ठाकरे का फडणवीस पर तंज
राज ठाकरे ने महायुति सरकार और विशेष रूप से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “फडणवीस साहब कैसे स्क्रिप्ट राइटर हैं! पहले खुद ही सरकारी आदेश (GR) जारी करते हैं और फिर कुछ दिनों में उसे वापस भी ले लेते हैं। क्या यही नेतृत्व है?” उन्होंने जनता से आग्रह किया कि मराठी भाषा को हर जगह प्राथमिकता दें। “आप जहाँ भी हों – टैक्सी में, बस में या ट्रेन में, मराठी में ही बात करें। जितना हो सके अपनी भाषा का इस्तेमाल करें। बाकी राज्यों में सरकारें अपने लोगों के साथ मजबूती से खड़ी रहती हैं, हमें भी वैसा ही संकल्प लेना होगा।” अंत में उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि “सिर्फ जागरूक नहीं, सतर्क रहिए…सतर्क रहिए।”
क्या बोले थे बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे?
झारखंड के गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने महाराष्ट्र में मराठी भाषा को लेकर हुए एक विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर किसी में ताकत है, तो महाराष्ट्र में उर्दू भाषियों के खिलाफ जाकर दिखाएं, उन्हें मार कर दिखाओ। सिर्फ हिंदीभाषियों को ही क्यों निशाना बनाया जाता है?
उन्होंने कहा, “अपने घर में तो कुत्ता भी शेर होता है। कौन कुत्ता है और कौन शेर, यह अब खुद ही तय कर लो।” निशिकांत दुबे ने यह भी कहा कि, “अगर हिम्मत है तो महाराष्ट्र से बाहर निकल कर दिखाओ। जो हिंदी का विरोध करेगा, उसे पटक-पटक कर मारेंगे।” उनका यह बयान मुंबई के पास मीरा रोड इलाके में हुई एक घटना को लेकर आया था, जहां मराठी न बोलने पर मनसे कार्यकर्ताओं ने एक दुकानदार के साथ मारपीट की थी। इसी संदर्भ में निशाना साधते हुए निशिकांत दुबे ने ठाकरे बंधुओं पर भी निशाना साधा।





