raipur-the-importance-of-biodiversity-is-always-linked-in-the-culture-of-chhattisgarh-bhupesh
raipur-the-importance-of-biodiversity-is-always-linked-in-the-culture-of-chhattisgarh-bhupesh

रायपुर : छत्तीसगढ़ की संस्कृति में हमेशा से जुड़ी हुई है जैव विविधता की महत्ता: भूपेश

जैव विविधता के क्षेत्र में कार्य कर रहे व्यक्तियों तथा संस्थाओं को किया पुरस्कृत डाक्यूमेंट्री फिल्म ‘मेहमान परिंदे‘ का लोकार्पण रायपुर, 22 मई (हि.स.) । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ जैव विविधता के मामले में एक सम्पन्न राज्य है। यहां की वैभव पूर्ण संस्कृति में हमेशा से ही जैव विविधता की महत्ता जुड़ी हुई है। इसे प्रदेश ही नहीं अपितु राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देने के महत्वपूर्ण कार्य में हम सबको आगे आने की जरूरत है। मुख्यमंत्री बघेल शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर राजधानी स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टी.एस. सिंहदेव मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में जैव विविधता की पांच श्रेणियों में राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त करने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित किया। साथ ही इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य जैव विविधता बोर्ड द्वारा निर्मित डाक्यूमेंट्री फिल्म ‘मेहमान परिंदे‘ का लोकार्पण किया और बोर्ड द्वारा ही प्रकाशित फ्लोरल डायर्वसिटी ऑफ छत्तीसगढ़, बटरफ्लाई ऑफ भोरमदेव वाईल्ड लाईफ‘ और ‘स्नेक्स एण्ड अदर रेपटाईल्स ऑफ छत्तीसगढ़‘ पुस्तकों का विमोचन भी किया। बघेल ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि पिछले कुछ दशकों में दुनिया भर में जैव विविधता को लेकर जागरूकता काफी बढ़ी है। यही वजह है कि पूरी दुनिया वर्ष 1992 से 22 मई को अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के रूप में मनाती है। जैव विविधता के संरक्षण की दिशा में दुनिया भर में चल रहे प्रयासों के बावजूद यह शब्द आम तौर पर जन सामान्य के लिए अपरिचित सा है। यह शब्द भले ही नया हो, लेकिन यह विचार हमारे लिए नया नहीं है। यह विचार हमारी संस्कृति में सदियों से रचा-बसा हुआ है। जिसमें प्रत्येक प्राणी के संरक्षण तथा संवर्धन का महत्वपूर्ण संदेश और शिक्षा निहित है। मुख्यमंत्री बघेल ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की जैव विविधता न केवल इस प्रदेश के लोगों की बल्कि पूरी मानवता की धरोहर है। इसे बचाए रखने के लिए ही राज्य में जैव विविधता बोर्ड का गठन किया गया है। इसके अलावा राज्य के सभी ग्राम पंचायतों में 12 हजार से अधिक जैव विविधता प्रबंधन समितियां कार्य कर रही हैं। साथ ही राज्य के जैव विविधता का दस्तावेजीकरण का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जैव विविधता का अर्थ पशु-पक्षियों, वनस्पतियों आदि के संरक्षण के साथ-साथ सांस्कृतिक परंपराओं का भी संरक्षण है। अतएव हम सभी जैव विविधता के महत्व को समझें और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए आगे आएं। साथ ही यहां राज्य में उपलब्ध संसाधनों को प्रदेश ही नहीं अपितु राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देने में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएं। अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जैव विविधता की पांच श्रेणियों में जिन व्यक्तियों और संस्थाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इनमें वन्यप्राणियों के संरक्षण श्रेणी के अंतर्गत ‘रायपुर सर्प संरक्षण समूह‘ तथा धमतरी वाईल्ड लाईफ फेयर सोसायटी और नोवा नेचर वाईल्ड लाईफ सोसायटी शामिल है। इसी तरह पालतू प्रजातियों के संरक्षण श्रेणी में राज्य पुलिस श्वान प्रशिक्षण केन्द्र 7वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई, जैव संसाधनों का पोषणीय उपयोग श्रेणी में प्रभात दुबे अंबिकापुर, सभ्यता, संस्कृति एवं धरोहर से जैव विविधता संरक्षण श्रेणी में जंगोरायतार विद्या केतुल शिक्षण संस्था एवं नैसर्गिक पर्यावरण शिक्षा निकेतन ज्ञान बाडा दमकसा और श्रेष्ठ जैव विविधता प्रबंधन समिति में जैव विविधता प्रबंधन समिति गिधवा एवं जैव विविधता प्रबंधन समिति परसदा शामिल हैं। हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in