नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। शुक्रवार सुबह कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर और तेज हो सकता है। बूंदाबांदी के साथ मौसम में अचानक बदलाव देखा गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 23 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कई हिस्सों के लिए नाउकास्ट चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन घंटों के दौरान इन राज्यों में गरज के साथ तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और 5 से 15 मिमी प्रति घंटे तक मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं और दिनभर कुछ इलाकों में बारिश जारी रहने के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के कई शहरों में भी मौसम का मिज़ाज बदला रह सकता है। बारिश के चलते राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है।
दिल्ली के सभी जिलों के अलावा हरियाणा के अंबाला और करनाल, पंजाब के लुधियाना और चंडीगढ़, तथा राजस्थान के अजमेर और सीकर में भी खराब मौसम का असर दिख सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, कमजोर ढांचों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। साथ ही, कम दृश्यता और खराब मौसम को देखते हुए सड़कों की स्थिति जांचकर ही बाहर निकलने की अपील की गई है।
इन इलाकों में रहेगा मौसम का सबसे ज्यादा प्रभाव
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी अपडेट के अनुसार, उत्तर भारत के कई जिलों में मौसम का असर सबसे अधिक देखने को मिल सकता है। राजधानी दिल्ली के सभी 11 प्रशासनिक जिलों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है, जहां तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है। राजस्थान के अजमेर, झुंझुनू और सीकर जिलों में आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। वहीं हरियाणा के अंबाला, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकुला और यमुनानगर में भी मौसम बिगड़ने के संकेत हैं। इसके अलावा पंजाब के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और साहिबजादा अजीत सिंह नगर (SAS नगर) समेत आसपास के जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी
मौसम के बिगड़ते हालात को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने प्रभावित इलाकों के लोगों के लिए आवश्यक सावधानियां जारी की है। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि तेज हवाओं के दौरान खिड़कियों और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखें तथा बिजली से चलने वाले उपकरणों का सीमित उपयोग करें। इसके अलावा खुले मैदानों में जाने या धातु की वस्तुओं के संपर्क में आने से बचने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों को जलभराव और कम दृश्यता की स्थिति में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और धीमी गति से गाड़ी चलाने की हिदायत दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सरकारी एजेंसियों द्वारा समय-समय पर जारी की जाने वाली आधिकारिक सूचनाओं और निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
इंडिगो ने यात्रियों के लिए जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
श्रीनगर में मौसम के अचानक बदले हालात को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि बर्फबारी के चलते श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है, जिससे टेक-ऑफ और लैंडिंग पर रोक लगाई गई है। इंडिगो के अनुसार, इस स्थिति के कारण यात्रियों को विमान के भीतर और एयरपोर्ट पर अतिरिक्त इंतजार करना पड़ सकता है।
[EMBED]
Travel Advisory
Due to snowfall in #Srinagar, flight operations, both take-offs and landings, have been temporarily put on hold. This may lead to extended wait times both onboard and on the ground.
To ensure we are ready for departure as soon as we receive clearance, our team…
— IndiGo (@IndiGo6E) January 23, 2026
हालांकि, एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जैसे ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल से अनुमति मिलेगी, उड़ानों को रवाना करने की पूरी तैयारी पहले से रखी जाएगी और बोर्डिंग से जुड़ी प्रक्रियाएं पहले ही पूरी कर ली जाएंगी। एयरलाइन ने यात्रियों को भरोसा दिलाया है कि देरी के कारण होने वाली असुविधा को वह समझती है और इस दौरान यात्रियों को अधिकतम सुविधा देने के लिए उनकी टीम लगातार प्रयासरत रहेगी।





