नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में सोमवार (25 अगस्त) सुबह से ही कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। आज सुबह से ही घले और काले बादलों से अंधेरा छाया हुआ जो रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। वही, दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में तेज बारिश के चलते सड़कों पर ट्रैफिक की संभावना बढ़ गई है।
बता दें कि, मौसम विभाग ने बीते दिन ही हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई थी। वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। रविवार (24 अगस्त) को हुई बारिश के बाद कई इलाकों में ट्रैफिक जाम देखने को मिला। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक दिल्ली, यूपी और बिहार के ज्यादातर इलाकों में बरसात जारी रह सकती है। उधर, जम्मू, राजस्थान और महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी बारिश हो रही है।
कई राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय
गौरतलब है कि, इस मौजूदा समय में पूरे देश में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। देश के कई राज्यों में हो रही मूसलाधार बारिश ने जहां गर्मी और उमस से राहत दी है, वहीं कुछ जगहों पर भारी बारिश से बाढ़ और जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस मूसलाधार और भारी बारिश के चलते IMD ने कई राज्यों के लिए अलग-अलग अलर्ट जारी किए है।
दिल्ली के कई हिस्सों में बूंदाबांदी बारिश
दिल्ली के अलग-अगल हिस्सों में रविवार यानी 24 अगस्त के दोपहर को हुई बारिश से सड़कों पर पानी भर गया और आईटीओ, लाजपत नगर, कनॉट प्लेस जैसे प्रमुख इलाकों में यातायात व्यवस्था बाधित हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, प्रीत विहार, राजीव चौक, जाफरपुर, इंडिया गेट और अक्षरधाम समेत कई हिस्सों में बारिश हुई है। वहीं, नेहरू स्टेडियम, डिफेंस कॉलोनी और कालकाजी में भी भारी बूंदाबांदी हुई।
कितना होगा आज का अधिकतम तापमान?
IMD के अनुसार, बीते 24 घंटे में दिल्ली में 36 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 0.6 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। वही, सोमवार (25 अगस्त) को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
वही, इस बीच दिल्ली-एनसीआर को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले घंटों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, राजधानी की हवा फिलहाल राहत देती नजर आ रही है। शाम 4 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 63 दर्ज हुआ, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मानकों के मुताबिक 51 से 100 के बीच का AQI संतोषजनक माना जाता है।





