नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर भारत इस समय भीषण ठंड की चपेट में है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और बिहार में सर्द हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 72 घंटों के दौरान छह राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साथ ही यूपी, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में शीतलहर का असर जारी रहने की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में दिन के समय धूप जरूर निकल रही है, लेकिन सुबह और शाम की ठंड बेहद तीखी बनी हुई है। 15 जनवरी की सुबह राजधानी का न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी सुबह रही। इससे पहले 7 जनवरी 2013 को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार आज शुक्रवार को भी दिल्ली-एनसीआर में ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
यूपी में बदला मौसम का मिजाज
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। बीते दिनों दोपहर की धूप से लोगों को कुछ राहत मिल रही थी, लेकिन गुरुवार रात से ठंड का असर तेज हो गया है। शुक्रवार सुबह प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने 19 और 20 जनवरी को यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है, जिससे सर्दी में और इजाफा हो सकता है।
राजधानी लखनऊ में मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो रही है, जबकि रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बुधवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही, जब न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गुरुवार को धूप निकलने से अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन और रात के तापमान में करीब 15.2 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया।
क्यों हो रहा दिन-रात के तापमान में फर्क
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में रात के तापमान में हल्का इजाफा संभव है। अमौसी स्थित लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दिन और रात के तापमान में बढ़ता अंतर कोहरे की परत के पूरी तरह साफ हो जाने की वजह से है। जब आसमान साफ रहता है तो दिन में सूरज की किरणें धरती को तेजी से गर्म कर देती हैं, जबकि सूर्यास्त के बाद गर्मी तेजी से निकल जाती है। इसी कारण रात में ठंड अचानक बढ़ जाती है और तापमान तेजी से गिरता है।
पंजाब-हरियाणा में कड़ाके की ठंड
पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। गुरुवार को कई इलाकों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दोनों राज्यों में हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री कम होकर 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय घने कोहरे की वजह से कई क्षेत्रों में दृश्यता काफी घट गई। हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि नूंह में 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि ठंड और कोहरे का असर फिलहाल बना रह सकता है।
अगले 3 दिनों में 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD ने उत्तर भारत के छह राज्यों में आगामी 72 घंटों के भीतर बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 16 से 20 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश हो सकती है, जबकि उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की भी संभावना है। इसके अलावा 18 से 20 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं 19 और 20 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।





