नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारतीय रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब 60 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही प्रवेश मिलेगा। वेटिंग लिस्ट और बिना टिकट यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
संसद में रेल मंत्री ने दी जानकारी
बुधवार 26 मार्च को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। भीड़ को मैनेज करने के लिए होल्डिंग एरिया, CCTV कैमरे और प्रवेश नियंत्रण प्रणाली लागू की जाएगी।
भीड़ नियंत्रण के लिए रेलवे की नई व्यवस्था
रेलवे पहले से ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सूरत, उधना, पटना और नई दिल्ली जैसे स्टेशनों पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बना चुका है। अब इसी व्यवस्था को 60 रेलवे स्टेशनों पर स्थायी रूप से लागू किया जाएगा, ताकि त्योहारों और मेलों के दौरान अव्यवस्था न हो। केवल कन्फर्म रिजर्व टिकट वाले यात्रियों को ही प्लेटफॉर्म तक जाने की अनुमति होगी। वेटिंग टिकट और बिना टिकट यात्री बाहरी प्रतीक्षा क्षेत्र में ही रहेंगे। अनधिकृत प्रवेश द्वारों को पूरी तरह से सील किया जाएगा।
स्टेशनों पर अधिक CCTV कैमरे लगेंगे
यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए स्टेशनों पर और अधिक CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा 12 मीटर और 6 मीटर चौड़े फुट-ओवर-ब्रिज FOB बनाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को आवाजाही में आसानी होगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बड़े रेलवे स्टेशनों पर वॉर रूम स्थापित किए जाएंगे। यहां रेलवे, सुरक्षा और अन्य विभागों के अधिकारी एक साथ काम करेंगे और भीड़भाड़ को मैनेज करेंगे।
रेलवे कर्मचारियों को नई वर्दी और आईडी कार्ड मिलेगा
सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे के सभी कर्मचारियों को नई वर्दी और आईडी कार्ड दिए जाएंगे। इससे केवल अधिकृत लोगों को ही स्टेशन पर प्रवेश मिलेगा। अब स्टेशन डायरेक्टर को यह अधिकार होगा कि वह स्टेशन की क्षमता और ट्रेन की उपलब्धता के अनुसार टिकटों की बिक्री नियंत्रित कर सके। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हाल ही में हुई भगदड़ के बाद रेलवे ने प्लेटफॉर्म टिकट पर भी नियंत्रण बढ़ा दिया है। केवल विशेष परिस्थितियों वृद्ध, अशिक्षित और महिला यात्रियों की सहायता में ही प्लेटफॉर्म टिकट जारी किए जाएंगे। भीड़भाड़ कम होगी और भगदड़ जैसी घटनाओं से बचा जा सकेगा। आसान सफर यात्रियों को अनावश्यक भीड़ से राहत मिलेगी और प्लेटफॉर्म पर कम भीड़ होगी। यात्रा अनुभव में सुधार एंट्री कंट्रोल और CCTV की मदद से यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिलेगी। रेलवे का यह नया कदम यात्रियों के सफर को और ज्यादा आरामदायक और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव है।




